LOADING...
ललित मोदी का आरोप, BCCI के कारण IPL टीमों को 1,200 करोड़ रुपये का नुकसान
ललित मोदी ने BCCI पर बड़ा आरोप लगाया है (फाइल तस्वीर)

ललित मोदी का आरोप, BCCI के कारण IPL टीमों को 1,200 करोड़ रुपये का नुकसान

Apr 06, 2026
02:52 pm

क्या है खबर?

ललित मोदी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर अपने अनुबंधीय दायित्वों को पूरा न करने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीमों को 1,200 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। IPL के संस्थापक रहे मोदी के अनुसार लीग को एक अलग इकाई के रूप में सोचा गया था, जहां मालिकों को नियंत्रण मिलता, लेकिन इसे अव्यावहारिक मानकर खारिज कर दिया गया। बोर्ड मुख्य अनुबंधीय प्रतिबद्धता का पालन करता तो उसे और फायदा होता।

मुकाबले

डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में नहीं हो रहा टूर्नामेंट

मोदी ने स्पोर्ट्स स्टार से कहा कि BCCI अपने नियंत्रण का इस्तेमाल कर फ्रेंचाइजी को वह अधिकार नहीं दे रहा, जिसकी मूल रूप से योजना बनी थी। IPL को डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में खेलने के लिए तैयार किया गया था, जिसमें हर टीम एक-दूसरे से घर और बाहर मुकाबला करती। 8 टीमों तक यही व्यवस्था रही, लेकिन टीमों की संख्या 10 होने के बाद यह प्रारूप लागू नहीं किया गया। हर सत्र में 90 मुकाबले खेले जा सकते थे।

बयान

20 मैचों से वंचित रह रही हैं टीमें 

मोदी ने कहा, "हर मैच से BCCI को 50 प्रतिशत हिस्सा मिलता है, जबकि बाकी 50 प्रतिशत टीमों में बांटा जाता है। ऐसे में टीमें अब 20 मैचों से वंचित हो रही हैं। वे जिस शुल्क का भुगतान करती हैं, उसके बदले घर और बाहर मैच दोनों देना अनुबंध की शर्त है। अगर कैलेंडर में समय नहीं है तो टीमों की संख्या न बढ़ाएं। यह तय नहीं हुआ था और इस पर सभी सहमत भी नहीं हैं।"

Advertisement

घाटा

हर टीम को रहा 120 करोड़ रुपये का नुकसान 

उन्होंने आगे कहा, "इनमें से 1,200 करोड़ रुपये 10 टीमों को मिलते, यानी हर टीम को 120 करोड़ रुपये का फायदा होता और टीमों का मूल्य अपने आप बढ़ जाता।" दुनियाभर में कई नई लीग आने के बावजूद मोदी मानते हैं कि IPL की बादशाहत को कोई खतरा नहीं है। उनका यह भी कहना है कि वनडे क्रिकेट का समय अब खत्म हो चुका है और 50 ओवर के इस प्रारूप को बंद कर देना चाहिए।

Advertisement

टेस्ट

टेस्ट क्रिकेट हमेशा बना रहना चाहिए

मोदी ने अपने इंटरव्यू में आगे कहा, "टेस्ट क्रिकेट हमेशा बना रहना चाहिए, हमें वनडे क्रिकेट को खत्म कर केवल टी-20 रखना चाहिए। केरी पैकर ने वनडे क्रिकेट को नई पहचान दी थी, इसके लिए मैं उन्हें सलाम करता हूं, लेकिन अब इसका समय खत्म हो चुका है। टेस्ट क्रिकेट को दिन-रात्रि प्रारूप में खेला जाना चाहिए। वहीं मुझे किसी भी अन्य लीग से IPL को कोई खतरा बिल्कुल नजर नहीं आता।"

Advertisement