ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए क्वेना मफाका, लिजाड विलियम्स को मिला मौका
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 24 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। 3 मैचों की इस वनडे सीरीज से पहले प्रोटियाज टीम को झटका लगा है। दरअसल, तेज गेंदबाज क्वेना मफाका चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर लिजाड विलियम्स को टीम में शामिल किया है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड (CSA) ने ये ऐलान किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
CSA ने की आधिकारिक घोषणा
CSA ने बयान जारी करते हुए कहा, "मफाका दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस तेज गेंदबाज को सीरीज की तैयारी के दौरान ट्रेनिंग करते समय चोट लगी थी और चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए उनकी जांच की जाएगी। उनकी जगह विलियम्स को टीम में शामिल किया गया है और वह आज ही टीम से जुड़ेंगे।"
चोट
चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से परेशान है दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका की टीम चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है।
मफाका से पहले कगिसो रबाडा, ओटनील बार्टमैन और लुंगी एनगिडी भी चोट के कारण इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
रबाडा के भी दाहिने हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट लगी है और उनके लंबे समय तक बाहर रहने की संभावना है।
वहीं, बार्टमैन और एनगिडी भी हैमस्ट्रिंग की समस्या से परेशान चल रहे हैं।
टीम
ऐसी है दक्षिण अफ्रीकी टीम
तेम्बा बावुमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की टीम खेलने वाली है।
प्रमुख तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में गेराल्ड कोएत्जी के कंधो पर जिम्मेदारी होगी।
वनडे सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, एडेन मार्करम , क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोरजी, डेविड मिलर, रयान रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स, डुआन यानसन, गेराल्ड कोएत्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, लिजाड विलियम्स, नकोबानी मोकोएना, कॉर्बिन बॉश, मार्को यानसन और केशव महाराज।
सीरीज
24 सितंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत 24 सितंबर को डरबन में होगी।
उसके बाद शेष 2 मैच 27 सितंबर (जोहान्सबर्ग) और 30 सितंबर (पोटचेफस्ट्रूम) को खेले जाएंगे। दिसंबर 2024 के बाद दक्षिण अफ्रीका की यह पहली घरेलू वनडे सीरीज होगी।
दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले 5 मुकाबलों में एक मैच रद्द हुआ है। वहीं, 2 मैच दक्षिण अफ्रीका और 2 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं।