कुलदीप यादव बनाम सारांश जैन: कोलंबो टेस्ट में किसे मिलेगा मौका? साईराज बहुतुले ने किया स्पष्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम प्रबंधन के सामने स्पिन विभाग के चयन की बड़ी चुनौती है। गॉल टेस्ट में मानव सुथार के 10 विकेट और सारांश जैन के टीम में चयन से कयास लगाए जा रहे थे कि कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 से बाहर किया जा सकता है। हालांकि, टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
बयान
बहुलुते ने क्या दिया बयान?
कुलदीप की खराब फॉर्म और प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह को लेकर पूछे गए सवाल पर बहुतुले ने मीडिया से कहा, "वह (कुलदीप) काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। गॉल में जो स्थिति बनी, उसमें उन्हें अलग भूमिका निभानी पड़ी। मेरे लिए वह हमेशा मैच विनर रहे हैं और निश्चित तौर पर टीम की योजनाओं में शामिल हैं।"
हालांकि बहुतुले ने स्पष्ट नहीं किया कि कुलदीप अंतिम प्लेइंग इलेवन में होंगे या नहीं, लेकिन उन्होंने उनका बचाव किया है।
कारण
गॉल में क्यों संघर्ष कर रहे थे कुलदीप?
कोच बहुतुले ने कुलदीप के गॉल में संघर्ष करने के कारणों का खुलासा करते हुए कहा कि गॉल की परिस्थितियों और कूकाबूरा गेंद के जल्दी सॉफ्ट हो जाने से एक कलाई के स्पिनर के लिए गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सभी स्पिनरों को सॉफ्ट गेंद के साथ दिक्कत हो रही थी, लेकिन कलई के स्पिनर की तुलना में फिंगर स्पिनर के लिए ऐसी गेंद के साथ गेंदबाजी करना तुलनात्मक रूप से ज्यादा आसान होता है।
स्पष्टता
एक मैच से कुलदीप का आंकलन नहीं किया जा सकता- बहुतुले
बहुतुले ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि एक मैच से यह तय हो जाता है कि कुलदीप कैसा प्रदर्शन कर रहा है या उसका अप्रोच कैसा है। उसे सिर्फ अपनी भूमिका के मुताबिक खुद को ढालना था और उसने इसकी पूरी कोशिश की।"
उन्होंने कहा, "गॉल की पिच और गेंद की स्थिति के कारण कुलदीप को अपनी सामान्य गेंदबाजी से अलग तरीके से काम करना पड़ा। यही कारण रहा कि मैच में वह अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे।"
प्रदर्शन
पहले टेस्ट में केवल एक विकेट ले पाए थे कुलदीप
गॉल में खेले गए टेस्ट में स्पिन गेंदबाजों को अच्छी मदद मिली थी।
बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने मैच में कुल 10 विकेट लिए और रविंद्र जडेजा ने दोनों पारियों में कुल 4 विकेट चटकाए थे। इस बीच कुलदीप कुछ खास कमाल नहीं कर सके थे।
उन्होंने श्रीलंका की पहली पारी में 1 विकेट लिया और दूसरी पारी में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
उन्होंने मैच में कुल 25 ओवर गेंदबाजी की और 103 रन लुटा दिए।
तारीफ
बहुतुले ने सुथार को बताया बैंकर
बहुतुले ने सुथार की भी जमकर तारीफ की।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले इस युवा स्पिनर को लेकर बहुतुले ने कहा कि वह टीम के लिए एक तरह से 'बैंकर' बनते जा रहे हैं।
उनके मुताबिक सुथार ने घरेलू क्रिकेट में काफी गेंदबाजी की है और उन्हें अपनी गेंदबाजी की अच्छी समझ है। टीम प्रबंधन लगातार इस बात पर काम कर रहा है कि अलग-अलग पिचों, परिस्थितियों और बल्लेबाजों के खिलाफ वह कैसे ज्यादा प्रभावी बन सकते हैं।