Page Loader
WPL 2024: नीलामी के बाद कुछ ऐसी है यूपी वारियर्स की टीम, जानिए अहम बातें
पिछले सीजन में एलिमिनेटर से आगे नहीं बढ़ सकी थी UPW (तस्वीर: एक्स/@Sophecc19)

WPL 2024: नीलामी के बाद कुछ ऐसी है यूपी वारियर्स की टीम, जानिए अहम बातें

Dec 09, 2023
09:32 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के लिए शनिवार (9 दिसंबर) को मुंबई में मिनी नीलामी आयोजित की गई। इस नीलामी में यूपी वारियर्स (UPW) ने अपने संयोजन को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों पर दांव लगाए। हाल ही में फ्रेंचाइजी ने 4 खिलाड़ियों को रिलीज किया था, जिसमें शबनीम इस्माइल जैसा बड़ा नाम शामिल था। आइए नीलामी के बाद UPW की पूरी टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

UPW 

ऐसा है UPW का पूरा दल

UPW इस नीलामी में 4 करोड़ रुपये के पर्स के साथ उतरी थी। नीलामी में उन्होंने वृंदा दिनेश (1.3 करोड़), डेनिएल व्याट (30 लाख), गौहर सुल्ताना (30 लाख), पूनम खेमनार (10 लाख), और साइमा ठाकोर (10 लाख) को खरीदा है। रिटेन किए गए खिलाड़ी: एलिसा हीली, अंजलि सरवानी, दीप्ति शर्मा, ग्रेस हैरिस, किरण नवगिरे, लॉरेन बेल, लक्ष्मी यादव, पार्श्ववी चोपड़ा, राजेश्वरी गायकवाड़, एस. यशश्री, श्वेता सहरावत, सोफी एक्लेस्टोन और ताहलिया मैकग्राथ।

वृंदा दिनेश

वृंदा दिनेश पर लगाई बड़ी बोली

वृंदा का बेस प्राइस 10 लाख रुपये था। वह 1.3 करोड़ रुपये में बिकने के साथ ही काश्वी गौतम (2 करोड़) के बाद WPL इतिहास की दूसरी सबसे महंगी अनकैप्ड खिलाड़ी बन गई। 22 वर्षीय वृंदा घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक के लिए खेलती हैं। वह शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हैं जो लेग-ब्रेक गेंदबाजी भी कर सकती हैं। वृंदा इस साल की शुरुआत में हांगकांग में आयोजित ACC इमर्जिंग टीम्स कप का खिताब जीतने वाली अंडर-23 भारतीय टीम का हिस्सा थीं।

व्याट

व्याट के रूप में इकलौती विदेशी खिलाड़ी पर लगाया दांव

UPW ने इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाज व्याट को 30 लाख रुपये के उनके बेस प्राइस में खरीदा। इंग्लैंड की शीर्षक्रम की बल्लेबाज व्याट WPL की पिछली नीलामी में नहीं बिक सकी थी। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 151 मैचों में 22.05 की औसत और 127.23 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,602 रन बना लिए हैं। इस अनुभवी बल्लेबाज ने इस प्रारूप में 2 शतक और 13 अर्धशतक भी लगाए हैं।

पहला सीजन

पहले सीजन में UPW का ऐसा रहा प्रदर्शन 

WPL 2023 में UPW ने अपने 8 में से 4 मैच जीते थे और इतने में ही शिकस्त झेली थी। हीली की कप्तानी में UPW ने अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले राउंड में प्रवेश किया था। इसके बाद एलिमिनेटर मैच में उन्हें मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 72 रन से करारी शिकस्त मिली थी। कप्तान हीली ने 31.62 की औसत के साथ 253 रन बनाए थे।