LOADING...
वनडे क्रिकेट: जानिए किन मैचों में एक टीम के 3 बल्लेबाजों ने 5+ छक्के लगाए 
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने लगाए 5 से अधिक छक्के (तस्वीर: एक्स/@ICC)

वनडे क्रिकेट: जानिए किन मैचों में एक टीम के 3 बल्लेबाजों ने 5+ छक्के लगाए 

Aug 26, 2025
01:38 pm

क्या है खबर?

वनडे क्रिकेट में गेंद और बल्ले के बीच रोचक मुकाबले देखने को मिलते हैं। इतिहास में पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच 1971 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। पहले वनडे क्रिकेट 60 ओवरों का खेला जाता था, लेकिन बाद में इसे 50 ओवर का कर दिया गया। वनडे प्रारूप में बहुत कम ऐसे मैच हुए हैं, जिसमें एक टीम के 3 बल्लेबाजों ने 5 या उससे अधिक छक्के लगाए हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं।

#1 

भारत बनाम न्यूजीलैंड (क्राइस्टचर्च, 2009)

भारतीय टीम ने 2009 में न्यूजीलैंड दौरे पर हुए सीरीज के तीसरे क्राइस्टचर्च वनडे में 58 रन से जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में भारत से सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह और सुरेश रैना ने 5 या अधिक छक्के लगाए थे। तेंदुलकर ने 5 छक्कों की बदौलत 163 रन बनाए थे। युवराज ने 6 छक्कों की बदौलत 87 रन और रैना ने 5 छक्कों की बदौलत नाबाद 38 रन बनाए थे। भारत ने 392/4 का स्कोर बनाया था।

#2 

ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत (बेंगलुरु, 2013)

भारत ने 2013 में बेंगलुरु वनडे में रोहित शर्मा के दोहरे शतक (209) की बदौलत 383/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में ऑस्ट्रेलिया जेम्स फॉकनर ने 6 छक्कों की मदद से 116 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने 7 छक्कों की बदौलत 60 रन और शेन वॉटसन ने 6 छक्कों की बदौलत 49 रन बनाए थे। इन पारियों के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम सभी विकेट खोकर 326 रन ही बना सकी थी।

#3 

इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया (नॉटिंघम, 2018)

इंग्लैंड ने 2018 में नॉटिंघम वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 242 रन से करारी शिकस्त दी थी। मेजबान पारी से जॉनी बेयरस्टो (139) और एलेक्स हेल्स (147) ने शतक लगाए थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने 5-5 छक्के लगाए थे। इनके अलावा इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन ने 6 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 481/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई पारी 239 रन पर सिमट गई थी।

#4 

ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका (मैके, 2025)

ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैके वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 276 रन से हराया था। उस मुकाबले में मेजबान टीम से मिचेल मार्श (100), ट्रेविस हेड (142) और कैमरून ग्रीन (118*) ने शतक लगाए थे। अपनी शतकीय पारी में हेड और मार्श ने 5-5 छक्के लगाए थे, जबकि ग्रीन ने 8 छक्के जड़े थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 431/2 का स्कोर बनाया था और प्रोटियाज टीम 155 पर ढेर हुई थी।