भारतीय टीम के स्पिन कोच बनने के दावेदार साईराज बहुतुले का कैसा रहा है कोचिंग करियर?
क्या है खबर?
पूर्व क्रिकेटर साईराज बहुतुले भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन-बॉलिंग कोच बन सकते हैं। वह फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ कोचिंग कर रहे हैं। क्रिकबज के मुताबिक, मौजूदा IPL सीजन के बाद बहुतुले इस फ्रेंचाइजी से अलग हो जाएंगे और फिर प्रमुख कोच गौतम गंभीर की अगुआई वाले दल में अपनी सेवाएं देंगे। इस बीच बहुतुले के कोचिंग करियर पर विस्तार से नजर डालते हैं।
कोचिंग
बहुतुले ने BCCI अधिकारियों से की है बातचीत
बहुतुले को उनकी स्पिन-बॉलिंग कोचिंग स्किल्स के लिए काफी सराहा जाता है। माना जा रहा है कि उन्होंने कोच गंभीर का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है।
खबरों के मुताबिक, उन्होंने गंभीर और BCCI के सीनियर अधिकारियों समेत सभी संबंधित पक्षों से बातचीत की है।
बता दें कि भारतीय टीम के मौजूदा कोचिंग स्टाफ में बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, फील्डिंग कोच टी दिलीप और असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट शामिल हैं।
कोचिंग
लगातार कोचिंग में सक्रिय हैं बहुतुले
भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेलने वाले बहुतुले घरेलू क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर रहे हैं।
उन्होंने अपने करियर में 188 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले थे।
क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से वह लगातार कोचिंग में सक्रिय हैं।
वह घरेलू स्तर पर विदर्भ, केरल, बंगाल और गुजरात को कोचिंग दे चुके हैं।
IPL में राजस्थान रॉयल्स (RR) और PBKS के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं।
कोचिंग
पहले भी भारतीय टीम के साथ कोचिंग कर चुके हैं बहुतुले
बहुतुले ने पहले भी कुछ मौकों पर सीनियर भारतीय टीम के साथ यात्रा की है।
वह 2024 में भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे।
इससे पहले वह नवंबर 2021 में इंडिया-A के साथ दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर चुके हैं।
वह वीवीएस लक्ष्मण की अगुवाई वाली BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कार्यरत थे।
ऐसे में उन्होंने हर स्तर पर कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव हासिल किया है।
करियर
ऐसा रहा है बहुतुले का खिलाड़ी के रूप में करियर
भारत के लिए 2 टेस्ट में 39 रन बनाने और 3 विकेट लेने वाले बहुतुले ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 630 विकेट अपने नाम किए थे।
दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 6,176 रन भी बनाए थे।
प्रथम श्रेणी करियर में बहुतले ने 9 शतक और 26 अर्धशतक लगाए थे।
वनडे मैचों में 23 रन बनाने और 2 विकेट लेने वाले बहुतुले ने 143 लिस्ट-ए मैचों में 197 विकेट हासिल किए और 1,367 रन भी बनाए थे।