Page Loader
वनडे विश्व कप में भारत के लिए सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने केएल राहुल
केएल राहुल ने विश्व कप 2023 में अपना पहला शतक लगाया (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

वनडे विश्व कप में भारत के लिए सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने केएल राहुल

Nov 12, 2023
06:05 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के आखिरी लीग मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार शतक (102) लगाया। उन्होंने सिर्फ 62 गेंद में अपना शतक पूरा किया। राहुल पहले संभल कर खेल रहे थे और बाद में बड़े-बड़े शॉट लगाए। विश्व कप में राहुल का यह दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने साल 2019 के विश्व कप में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ शतक लगाया था। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

शतक

विश्व कप में भारत के लिए सबसे तेज शतक 

राहुल ने विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाया है। उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है। रोहित ने इसी विश्व कप में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 63 गेंद में शतक जड़ दिया था। वीरेंद्र सहवाग ने साल 2007 में सिर्फ 81 गेंद में शतक लगाया था। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ विराट कोहली ने साल 2011 के विश्व कप में 83 गेंद में शतक जड़ दिया था।

पारी

कैसी रही राहुल की पारी और साझेदारी?

राहुल नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने सिर्फ 64 गेंद का सामना किया और 102 रन बना दिए। राहुल ने इसके बाद श्रेयस अय्यर के साथ पारी संभाली और दोनों के बीच 128 गेंद में 208 रन की शानदार साझेदारी हुई। राहुल ने अपनी पारी के दौरान 11 चौके और 4 छक्के लगाए। मैच के दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 159.38 की रही। उन्होंने नीदरलैंड के सभी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई।

करियर

विश्व कप 2023 में कैसा रहा है राहुल का प्रदर्शन?

राहुल ने इस विश्व कप में 9 मैचों की 8 पारियों में 69.40 की औसत से 347 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 93.53 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला है। वह 3 मुकाबलों में नाबाद भी रहे हैं। इससे पहले विश्व कप के पहले मैच में राहुल ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 97 रन की शानदार पारी खेली थी और भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई थी।

करियर

राहुल के वनडे करियर का 7वां शतक 

राहुल के अंतरराष्ट्रीय करियर का यह 7वां शतक है। उन्होंने अब तक भारतीय टीम के लिए 70 मुकाबले खेले हैं और इसकी 66 पारियों में 49.77 की औसत से 2,265 रन बनाए हैं। वह 13 बार नाबाद रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 रन रहा है। राहुल ने वनडे क्रिकेट में अपना पहला मुकाबला साल 2016 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में भी राहुल ने शानदार शतक जड़ा था।