IPL 2018 से लेकर अब तक कैसा रहा है केएल राहुल का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 में पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम प्ले-ऑफ में अपनी जगह नहीं बना सकी। हालांकि, PBKS के कप्तान केएल राहुल पूरे सीजन के दौरान जोरदार फॉर्म में रहे।
राहुल ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ नाबाद 98* रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने IPL 2021 में 600 रन भी पूरे किए।
IPL 2018 से राहुल के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
IPL 2021
शानदार रहा इस सीजन में राहुल का प्रदर्शन
राहुल IPL 2021 सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस सीजन में 13 मैचों में 62.60 की औसत से 626 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 98* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ छह अर्धशतक लगाए हैं।
वह फिलहाल इस सीजन (30) में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह चौथे सबसे ज्यादा चौके (48) लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं।
आंकड़े
2018 से IPL में राहुल का प्रदर्शन
IPL 2018 में राहुल ने 14 मैचों में 54.91 की औसत से 659 रन बनाए। उन्होंने 95* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ छह अर्धशतक लगाए थे।
IPL 2019 में राहुल ने 53.90 की औसत से 593 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक और छह अर्धशतक लगाए थे।
IPL 2020 में राहुल ने 55.83 की औसत से 670 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी। उन्होंने पिछले सीजन में एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए थे।
आंकड़े
राहुल का IPL करियर और पंजाब के लिए प्रदर्शन
राहुल ने 94 IPL मैचों में 47.43 की औसत से 3,273 रन बनाए हैं। उनके नाम 132* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ दो शतक और 27 अर्धशतक हैं।
IPL 2018 से PBKS में शामिल होने वाले राहुल अपनी फ्रैंचाइजी के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने PBKS के लिए 56.62 की औसत से 2,548 रन बना लिए हैं। उन्होंने अपनी मौजूदा टीम से दो शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं।
रिकार्ड्स
IPL 2018 के बाद से राहुल के नाम हैं ये रिकार्ड्स
राहुल IPL में पिछले चार सीजन में 500 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
वह पिछले चार सीजन (2,548) में कुल 2,500 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी भी हैं।
राहुल के नाम IPL 2018 के बाद सबसे ज्यादा अर्धशतक (23) लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है।
इसके अलावा वह IPL 2018 से सबसे ज्यादा छक्के (110) लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।