IPL में 3 टीमों से शतक लगा चुके हैं केएल राहुल, जानिए उनके रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच से करेगी। DC की टीम में प्रमुख बल्लेबाज केएल राहुल के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल आगामी सीजन में सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने वाले हैं। उनके ऊपर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। इस बीच राहुल के IPL के रिकॉर्ड्स और अन्य आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
शतक
3 टीमों से शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं राहुल
IPL 2025 के दौरान राहुल IPL में 3 टीमों से खेलते हुए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। DC से खेलते हुए उन्होंने 2025 में 539 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक शामिल था। इससे पहले उन्होंने LSG की ओर से 38 मैचों में 41.47 की औसत के साथ 1,410 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल थे। PBKS से खेलते हुए उन्होंने 55 मैचों में 56 की औसत से 2,548 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल थे।
आंकड़े
लगातार 3 संस्करणों में 600+ रन बना चुके हैं राहुल
राहुल ने IPL 2020 में शीर्ष स्कोरर रहते हुए ऑरेंज कैप हासिल की थी। उन्होंने 14 मैचों में 55.83 की औसत से 670 रन बनाए थे। इसके बाद IPL 2021 में राहुल ने 62.60 की प्रभावशाली औसत के साथ 626 रन और 2022 में 616 रन बनाए थे। वह लगातार 3 संस्करण में 600 रन बनाने वाले 4 बल्लेबाजों में शुमार हैं। उनके अलावा विराट कोहली, क्रिस गेल और डेविड वार्नर ऐसा कर चुके हैं।
अर्धशतक
राहुल ने IPL में लगाया है दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
राहुल ने IPL 2018 में पंजाब की ओर से जोरदार पारी खेली थी। उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। वह 16 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए थे। बता दें कि लीग इतिहास में उनसे तेज अर्धशतक सिर्फ यशस्वी जायसवाल (13 गेंद) ने लगाया है। राहुल के अलावा पैट कमिंस और रोमारियो शेफर्ड ने भी 14-14 गेंदों में अर्धशतक लगाए हैं।
आंकड़े
शानदार रहा है राहुल का IPL करियर
राहुल ने साल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 145 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 136 पारियों में 46.21 की औसत से 5,222 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 41 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 134* रन का रहा है। उन्होंने विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन किया है।
जानकारी
राहुल का है सबसे बेहतर औसत
IPL में 2,000+ रन वाले बल्लेबाजों में राहुल का औसत सबसे बेहतर हैं। उनके बाद डेविड वार्नर (40.52) और रुतुराज गायकवाड़ (40.35) हैं।