मेजर लीग: किरोन पोलार्ड ने जड़ा शतक, टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
मेजर लीग 2026 के 5वें मैच में MI न्यूयॉर्क के ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड ने वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतकीय पारी (100) खेली। यह उनके टी-20 करियर का दूसरा ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 56 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी से MI न्यूयॉर्क ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन वह 30 रन से लक्ष्य से दूर रह गई। इसके साथ ही पोलार्ड अब टी-20 क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
बल्लेबाजी
कैसी रही पोलार्ड की पारी और साझेदारी?
MI न्यूयॉर्क को 246 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 रन तक 3 झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए पोलार्ड ने रोमारियो शेफर्ड (26) के साथ छठे विकेट के लिए 70 रन और कॉर्बिन बॉश (35*) के साथ 7वें विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी निभाकर टीम को मजबूती दी। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। वह 56 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्कों से 100 रन बनाकर नाबाद रहे।
रिकॉर्ड
पोलार्ड ने क्रिस गेल को पछाड़ा
इस पारी के दौरान पोलार्ड के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पारी का 81वां रन बनाते ही वह टी-20 क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के ही पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 463 टी-20 मैचों में 14,562 रन अपने नाम किए थे। इस सूची में इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स (14,449) तीसरे, जोस बटलर (14,371) चौथे और डेविड वार्नर (14,284) 5वें पायदान पर हैं।
रिकॉर्ड
टी-20 में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं पोलार्ड
पोलार्ड टी-20 क्रिकेट में 700 मैच खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। इस प्रारूप में किसी अन्य खिलाड़ी ने 600 मैच भी नहीं खेले हैं। उन्होंने टी-20 में 986 छक्के लगाए हैं। केवल गेल (1,056) ने ही उनसे अधिक छक्के लगाए हैं। पोलार्ड ने पिछले साल कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में 200 छक्के (अब 228) पूरे किए थे। उनके IPL में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए 223 छक्के हैं। वह 2 फ्रेंचाइजी के लिए 200 छक्के जड़ने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
करियर
कैसा रहा है पोलार्ड का टी-20 करियर?
पोलार्ड ने साल 2006 में अपने टी-20 करियर का आगाज किया था। वह 736 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 653 पारियों में 31 से अधिक की औसत और 150 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ 14,582 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक के अलावा 67 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 104 रन का रहा है। इसी तरह वह 426 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 333 विकेट चटकाने में भी सफल रहे हैं।