केविन पीटरसन इंग्लैंड की वनडे और टी-20 टीम के विशेषज्ञ मेंटोर नियुक्त, जानिए क्या होगी जिम्मेदारी
क्या है खबर?
इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान और आक्रामक बल्लेबाज केविन पीटरसन की 12 साल के लंबे इंतजार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में फिर से वापसी हुई है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने उन्हें वनडे विश्व कप 2027 तक इंग्लैंड की पुरुषाें की वनडे और टी-20 क्रिकेट टीम का विशेषज्ञ मेंटोर नियुक्त किया है। साल 2014 के बाद यह पहला मौका होगा जब पीटरसन आधिकारिक रूप से इंग्लैंड की जर्सी पहने नजर आएंगे। आइए उनकी जिम्मेदारियों पर नजर डालते हैं।
सहयोग
ब्रेंडन मैकुलम के साथ टीम को मजबूती देंगे पीटरसन
इंग्लैंड की सीमित ओवर टीमों के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग स्टाफ में पीटरसन एक मजबूत कड़ी के रूप में शामिल होंगे।
इस सपोर्ट स्टाफ में उनके अलावा मार्कस ट्रेस्कोथिक, टिम साउथी, सारा टेलर और जीतन पटेल जैसे दिग्गज पहले से ही शामिल हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मेंटोर के तौर पर काम कर चुके पीटरसन का यह अनुभव इंग्लैंड के बल्लेबाजों के भी काफी काम आएगा।
सफर
ऑस्ट्रेलिया दौरे से शुरू होगा पीटरसन का नया सफर
क्रिकबज के अनुसार, पीटरसन के आगामी 12 महीनों का पूरा कार्यक्रम तैयार हो चुका है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से टीम से जुड़ेंगे।
इसके बाद वे दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएंगे और फिर घरेलू मैदानों पर पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अपनी सेवाएं देंगे।
उनका पूरा ध्यान टीम को वनडे विश्व कप 2027 के लिए तैयार करने पर होगा, जो कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
बयान
टीम को विश्व कप जिताना होगा लक्ष्य - पीटरसन
इस नियुक्ति पर पीटरसन ने कहा, "मुझे इस टीम को दक्षिण अफ्रीका में वनडे विश्व कप 2027 जीतने के सफर में मदद करने के लिए कहा गया है और मुझे इस पर बेहद गर्व है। साल 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनना मेरे लिए बेहद खास पल है। हमारे पास एक अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली टीम है और मैं खिलाड़ियों की क्षमता को चरम पर ले जाने के लिए उनके साथ अथक परिश्रम के लिए उत्साहित हूं।"
स्वागत
मैकुलम ने किया पीटरसन का स्वागत
इंग्लैंड टीम के मुख्य कोच मैकुलम ने पीटरसन के आने पर खुशी जताते हुए कहा, "मेरे मन में केपी (केविन पीटरसन) और खेल में उनकी उपलब्धियों के प्रति गहरा सम्मान है। इंग्लिश क्रिकेट पर उनका अद्भुत प्रभाव रहा है। उनके जैसे अनुभव, ज्ञान और कद के खिलाड़ी का हमारी टीम के साथ जुड़ना एक शानदार नतीजा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं विशेष रूप से हमारे बल्लेबाजों के लिए उत्साहित हूं जिन्हें उनके साथ काम करने का अवसर मिलेगा।"