Loading...
कौन हैं केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग, जिन्हें भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए सौंपी गई जापान की कप्तानी?
भारत के खिलाफ एकमात्र टी-20 मुकाबले के लिए केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग को सौंपी गई है जापान की कप्तानी

कौन हैं केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग, जिन्हें भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए सौंपी गई जापान की कप्तानी?

Sep 08, 2026
11:02 am

क्या है खबर?

जापान ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ ऐतिहासिक एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। यह मैच 22 सितंबर को सोनो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड (तोचिगी प्रिफेक्चर) में खेला जाएगा, जिसे 'सुजुकी कप' नाम दिया गया है। यह मैच 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलने वाले एशियाई खेल 2026 से ठीक पहले एक अभ्यास मैच की भूमिका भी निभाएगा। इस मुकाबले के लिए केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग को जापान की कप्तानी सौंपी गई है।

परिचय

कौन हैं काडोवाकी-फ्लेमिंग?

इस ऐतिहासिक मुकाबले में जापान की कमान संभालने वाले काडोवाकी-फ्लेमिंग जापान के इतिहास के सबसे सफल और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर अपनी टीम का नेतृत्व करना काडोवाकी-फ्लेमिंग के करियर का सबसे बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

जापानी चयनकर्ताओं ने उनके इसी शानदार अनुभव और फॉर्म पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम की कमान सौंपी है। वह इस मुकाबले की कड़ी तैयारी में जुटे हैं।

टीम

भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए जापान की टीम

जापान की इस 15-सदस्यीय टीम में जापानी क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें जून में घोषित की गई राष्ट्रीय क्रिकेटरों की मुख्य सूची में शामिल 12 खिलाड़ी भी मौजूद हैं। इसी तरह 3 खिलाड़ी जापान-A टीम के भी हैं।

जापान की टीम: केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिन्जे, बेंजामिन गो-इतो डेविस, कोहेई कुबोटा, वतारू मियाउची, रेओ साकुराानो-थॉमस, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, शोमा सुगाया-स्लेटर, अलेक्जेंडर शिराई-पटमोर, लाचलान यामामाटो-लेक, मकोतो तानियामा, इब्राहिम ताकाहाशी, त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुदा-नायरन, और एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग।

ADVERTISEMENT

करियर

कैसा रहा है काडोवाकी-फ्लेमिंग का टी-20 करियर?

काडोवाकी-फ्लेमिंग अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 55 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 38.18 की औसत और 139.42 की स्ट्राइक रेट से 1,871 रन बनाए हैं।

इसमें 2 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 114 रन का रहा है।

वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दुनिया के तीसरे सबसे तेज 1,000 रन (महज 25 पारियों में) पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं।

उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में जापानी टीम के लिए रिकॉर्ड 860 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENT

सराहना

BCCI सचिव ने की क्रिकेट के वैश्विक विस्तार की सराहना

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भारत-जापान टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को क्रिकेट के वैश्विक विस्तार में एक बड़ा कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि यह मैच क्रिकेट को नए क्षेत्रों में ले जाने और उच्च क्षमता वाले क्षेत्रों में इसकी उपस्थिति को मजबूत करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

उन्होंने क्रिकेट को अधिक सुलभ, समावेशी और सही मायने में वैश्विक बनाने की दृष्टि के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) अध्यक्ष जय शाह को भी श्रेय दिया है।

पहल

'स्पोर्ट 75' पहल का हिस्सा है यह मुकाबला

बता दें कि यह ऐतिहासिक मैच 'स्पोर्ट 75' पहल का मुख्य हिस्सा है, जिसकी शुरुआत जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई एक बैठक के बाद की गई थी।

यह कदम 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा का भी पुरजोर समर्थन करता है।

भारत में इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग के आधिकारिक अधिकार फेन कोड ने हासिल लिए हैं। दर्शक इसे फैनकोड ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे।

मुकाबला

कब शुरू होगा मुकाबला और कैसे देख सकेंगे मैच?

इस मुकाबले के लीनियर टेलीविजन (सैटेलाइट टीवी) प्रसारण के लिए सोनी, स्टार स्पोर्ट्स और Zee जैसे बड़े नेटवर्क के साथ अंतिम दौर की बातचीत चल रही है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है।

भारत से बाहर अन्य देशों में मौजूद जापानी क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए इस मैच को यूट्यूब या अन्य वैश्विक डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी स्ट्रीम किया जा सकता है।

यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा।

ADVERTISEMENT