
इंग्लैंड बनाम भारत: करुण नायर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी रही निराशजनक, बिना खाता खोले हुए आउट
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने वाले बल्लेबाज करुण नायर की 8 साल से अधिक समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी निराशजनक रही। वह महज 4 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले ही इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स का शिकार बन गए। वह 430 के कुल स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल (147) के आउट होने के बाद क्रीज पर आए थे, लेकिन खाता भी नहीं खोल सके।
शिकार
नायर इस तरह बने स्टोक्स का शिकार
नायर ने शोएब बशीर की गेंद पर डिफेंस के साथ पारी का आगाज किया था। उन्होंने अगली गेंद पर स्टोक्स का सामना किया और पहली गेंद को लगभग अपने स्टंप पर डिफेंड कर दिया। तीसरी गेंद लेग स्टंप्स के पास से विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई। इसके बाद ऑफ स्टम्प के बाहर पड़ी चौथी गेंद पर नायर ने ड्राइव लगाया, लेकिन गेंद हवा में चली गई और ओली पोप ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत कर दिया।
वापसी
नायर ने 3,006 दिन बाद की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी
नायर ने 8 साल 2 महीने और 23 दिन (कुल 3,006 दिन) के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। उन्होंने आखिरी टेस्ट 25 मार्च, 2017 को धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उसमें वह 5 रन बनाने में सफल रहे थे। उसके बाद नायर को फिर भारतीय टीम में मौका नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाने में सफलता हासिल की।