LOADING...
न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
केन विलियमसन ने संन्यास ले लिया है (फाइल तस्वीर)

न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

Jun 12, 2026
03:41 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के महानतम खिलाड़ियों में गिने जाने वाले केन विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही उनके 16 साल लंबे शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया है। विलियमसन ने अपने देश के लिए 378 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और बल्लेबाजी में कई यादगार रिकॉर्ड बनाए। अपनी निरंतरता, नेतृत्व क्षमता और शानदार खेल भावना के दम पर उन्होंने दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को अपना दिवाना बनाया।

करियर

ऐसा रहा विलियमसन का अंतरराष्ट्रीय करियर

विलियमसन ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2010 में खेला था। उन्होंने 378 मुकाबले खेले और इसकी 452 पारियों में 48.12 की औसत से 19,346 रन बनाने में सफल रहे। उनके बल्ले से 48 शतक और 103 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 251 रन रहा। वह कीवी टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। दूसरे स्थान पर रॉस टेलर हैं, जिनके बल्ले से 450 मुकाबलों में 18,199 रन निकले थे।

बयान

विलियमसन ने संन्यास लेने के बाद क्या कहा?

विलियमसन ने संन्यास लेने के बाद कहा, "मैं काफी समय से इस बारे में सोच रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो गया कि अब विदा लेने का सही समय है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए मेरे भीतर हमेशा गहरी प्रेरणा और जुनून रहा है। मुझे इस बात पर गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मैच में मैंने सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। अगर मैं इससे कम प्रतिबद्धता के साथ खेलता, तो यह सही नहीं होता।"

Advertisement

न्यूजीलैंड

"मैंने अपनी शर्तों पर लिया संन्यास"

विलियमसन ने आगे कहा, "मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे अपनी शर्तों पर इस सफर को विराम देने का अवसर मिला। मैं इस टीम के भविष्य को लेकर काफी आशावादी हूं। इस टीम में अपार प्रतिभा है और कुछ खास हासिल करने की इच्छा भी है। इसे मैं बेहद प्यार करता हूं। मैं सौभाग्यशाली हूं कि इतने लंबे समय तक इसका हिस्सा रहने का अवसर मिला। यह टीम हमेशा मेरे दिल के बेहद करीब रहेगी।"

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें विलियमसन का वीडियो 

वनडे

विलियमसन के वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

विलियमसन ने वनडे में 175 मैच खेले और इसकी 167 पारियों में 48.69 की औसत से 7,256 रन बनाने में सफल रहे। उनके बल्ले से 15 शतक और 47 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 148 रन रहा। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस खिलाड़ी ने 93 मैच की 90 पारियों में 33.44 की औसत से 2,575 रन बनाए। उनके बल्ले से 18 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा। इस प्रारूप में उन्होंने 123.08 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।

Advertisement