कगिसो रबाडा 350 टेस्ट विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज बने, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ केप टाउन टेस्ट के दौरान दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में अपना तीसरा विकेट लेते ही टेस्ट करियर में अपने 350 विकेट पूरे किए। वह दक्षिण अफ्रीका की ओर से टेस्ट प्रारूप में यह आंकड़ा छूने वाले सिर्फ चौथे गेंदबाज बने। आइए उनके टेस्ट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
सूची
इस सूची में शामिल हुए रबाडा
रबाडा अब डेल स्टेन, शान पोलाक और मखाया एंटिनी के बाद 350 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज बने।
क्रिकइंफो के मुताबिक, प्रोटियाज टीम से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज स्टेन हैं। उन्होंने 93 टेस्ट में 22.95 की औसत के साथ 439 विकेट लिए थे।
स्टेन के बाद पोलाक ने 23.11 की औसत के साथ 421 विकेट लिए थे।
एंटिनी ने अपने टेस्ट करियर का अंत 390 विकेटों के साथ किया था।
करियर
शानदार रहा है रबाडा का टेस्ट करियर
रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 75 टेस्ट मैच खेले हैं और अब तक लगभग 20 की औसत के साथ 350 विकेट लिए हैं। वह अपने टेस्ट करियर में 17 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं।
टेस्ट की एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 112 रन देते हुए 7 विकेट लेना रहा।
उन्होंने 2015 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।
गेंद
गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 350 विकेट
क्रिकबज के मुताबिक, रबाडा ने 13,808 गेंदों में अपने 350 विकेट पूरे किए।
वह गेंदों के लिहाज से सबसे तेज इस आंकड़े को छूने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने इस मामले में स्टेन (14,719 गेंदे) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज वकार यूनिस ने 14905 गेंदों का सहारा लेते हुए अपने 350 विकेट पूरे किए थे।
इस सूची में अन्य गेंदबाज मैलकम मार्शल (16,340 गेंदे) और मिचेल स्टार्क (16,908 गेंदे) हैं।
जानकारी
रबाडा ने पूरे किए 75 टेस्ट में अपने 350 विकेट
रबाडा ने अपने 75 टेस्ट में 350 विकेट पूरे किए। उनसे कम मैचों में ये आंकड़ा रिचर्ड हेडली (69), स्टेन (69), डेनिस लिली (70), ग्लेन मैक्ग्रा (74) ने पूरे किए थे। मार्शल ने भी 75 टेस्ट में ये मुकाम हासिल किया था।