कगिसो रबाडा दक्षिण अफ्रीका में 200 टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की। सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जा रहे मैच के दौरान रबाडा ने घर पर अपने 200 टेस्ट विकेट पूरे किए। रबाडा ने कंगारू टीम की पहली पारी के दौरान 2 विकेट लिए और मिचेल स्टार्क को आउट करने के साथ ही ये मुकाम हासिल किया। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
दक्षिण अफ्रीका में 200 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने रबाडा
रबाडा ने अब तक अपने देश में कुल 38 टेस्ट खेले हैं, जिसमें लगभग 20 की औसत के साथ 200+ विकेट चटकाए हैं।
वह डेल स्टेन, मखाया एनटिनी, और शॉन पोलाक के बाद ये आंकड़ा छूने वाले चौथे गेंदबाज बने हैं।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज स्टेन (261) हैं।
क्रिकबज के मुताबिक, एनटिनी ने 249 विकेट और पोलाक ने 235 विकेट चटकाए थे।
पारी
रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले हैं 12 टेस्ट
रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अब तक 12 टेस्ट खेले हैं, जिसमें लगभग 21 की औसत के साथ 60+ विकेट चटकाए हैं।
इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 54 रन देते हुए 6 विकेट लेना रहा है। वह 4 पारियों में 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।
क्रिकइंफो के मुताबिक, वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के लिए तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
जानकारी
गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 200 घरेलू विकेट
मैचों के लिहाज से रबाडा (38 मैच) से तेज 200 घरेलू विकेट वाले दक्षिण अफ्रीकी सिर्फ स्टेन (37 मैच) हैं। गेंदों के लिहाज से रबाडा ने यह उपलब्धि सिर्फ 7,017 गेंदों में हासिल की। इस मामले में उन्होंने स्टेन (7,751) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
टेस्ट करियर
शानदार रहा है रबाडा का टेस्ट करियर
रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 74 टेस्ट मैच खेले हैं और अब तक लगभग 20 की औसत के साथ 340+ विकेट लिए हैं।
वह अपने टेस्ट करियर में 17 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं।
टेस्ट की एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 112 रन देते हुए 7 विकेट लेना रहा।
उन्होंने 2015 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।