टी-20 अंतरराष्ट्रीय: जोस बटलर ने रोहित को पछाड़ा, दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच खेले गए पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जोस बटलर ने 80 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस खिलाड़ी ने भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
पारी
ऐसी रही बटलर की पारी और साझेदारी
बटलर ने मैच में 44 गेंदों का सामना किया और 80 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 181.82 की रही।
हैरी ब्रूक (114*) के साथ मिलकर बटलर ने केवल 60 गेंदों में 128 रन की साझेदारी निभाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 254/4 का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंका सिर्फ 135 रन पर ऑलआउट हो गई।
इंग्लैंड को मैच में 119 रन से शानदार जीत मिली।
टी-20
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में बटलर से आगे अब सिर्फ पाकिस्तान के बाबर आजम हैं।
उन्होंने अब तक 145 मुकाबले खेले हैं और इसकी 136 पारियों में 38.94 की औसत से 4,596 रन बनाए हैं।
रोहित अब तीसरे स्थान पर आ गए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके इस खिलाड़ी ने 159 मैच की 151 पारियों में 32.05 की औसत से 4,231 रन बनाए थे।
विराट कोहली (4,188 रन) चौथे स्थान पर हैं।
करियर
ऐसा रहा है बटलर का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
बटलर ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2011 में खेला था। उन्होंने अब तक 161 मुकाबले खेले हैं और इसकी 148 पारियों में 34.33 की औसत से 4,292 रन बनाए हैं।
उनकी स्ट्राइक रेट 149.44 की रही है।
उनके बल्ले से 2 शतक और 29 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 131 रन रहा है।
श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 14 मैच खेले हैं और इसकी 14 पारियों में 55.30 की औसत से 553 रन बनाए हैं।
टी-20 क्रिकेट
बटलर के टी-20 क्रिकेट का 107वां अर्धशतक रहा
सभी टी-20 क्रिकेट के मुकाबलों को मिलाकर अब बटलर के नाम 527 मैचों की 496 पारियों में 35.47 की औसत से 14,970 रन हैं।
उनसे आगे अब सिर्फ किरोन पोलार्ड हैं, जिन्होंने 754 मैचों में 14,999 रन बनाए हैं।
बटलर के करियर का यह 107वां अर्धशतक रहा। इस प्रारूप में उनके नाम 9 शतक भी दर्ज हैं।
उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अब तक 658 छक्के और 1,359 चौके लगाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 147.40 की रही है।