जोस बटलर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
जोस बटलर टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने द हंड्रेड टूर्नामेंट के 21वें मुकाबले में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस खिलाड़ी ने किरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ा। बटलर के 14,833 रन हो गए हैं। वहीं, पोलार्ड के 14,803 रन हैं। मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि उनका रिकॉर्ड कौन तोड़ सकता है तो उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम लिया। आइए बटलर के पूरे बयान पर नजर डालते हैं।
बयान
बटलर ने वैभव को लेकर क्या कहा?
अपनी इस उपलब्धि के बावजूद बटलर को पता है कि उनका यह रिकॉर्ड हमेशा कायम नहीं रह सकता।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में भविष्यवाणी करते हुए कहा कि 15 साल के वैभव भविष्य में उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
बटलर ने कहा, "यह सोचना वास्तव में शानदार है कि आपके नाम सबसे ज्यादा टी-20 रन हैं। हालांकि, एक दिन कोई खिलाड़ी इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगा और शायद उस खिलाड़ी का नाम वैभव होगा।"
टी-20
अपने फॉर्म को लेकर बटलर ने कही ये बात
टी-20 विश्व कप 2022 में इंग्लैंड को खिताब दिलाने वाले कप्तान बटलर ने इस उपलब्धि के बाद अपने सफर को याद किया।
उन्होंने माना कि कुछ समय पहले तक वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर उन्होंने फॉर्म हासिल की।
बटलर ने स्काई क्रिकेट से कहा, "क्रिकेट कितनी जल्दी बदल जाता है। एक दिन आप खराब दौर में होते हैं और दूसरे दिन सबकुछ बदल जाता है।"
करियर
ऐसा रहा है बटलर का टी-20 करियर
बटलर ने अपने टी-20 करियर का पहला मुकाबला साल 2009 में खेला था।
अब तक इस खिलाड़ी ने 522 मुकाबले खेले हैं और इसकी 492 पारियों में 35.48 की औसत से 14,833 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 147.24 की रही है।
उनके बल्ले से 9 शतक और 106 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 131 रन रहा है।
बटलर ने अपने टी-20 करियर में 1,348 चौके और 650 छक्के भी लगाए हैं।
रिकॉर्ड
ऐसे हैं वैभव के आंकड़े
15 साल की उम्र में वैभव क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उनकी उपलब्धियां चर्चा का विषय बनी रहती हैं।
बड़े से बड़े गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है।
40 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 216.32 की शानदार स्ट्राइक रेट से 1,670 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक, 8 अर्धशतक शामिल हैं।
उन्होंने 148 छक्के भी लगाए हैं। वैभव भारत के लिए टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं।