Page Loader
श्रीलंका के खिलाफ हार पर जोस बटलर ने जताई निराशा, चयन को लेकर कही ये बात
श्रीलंका ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

श्रीलंका के खिलाफ हार पर जोस बटलर ने जताई निराशा, चयन को लेकर कही ये बात

Oct 26, 2023
08:59 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 25वें मुकाबले में गुरुवार को श्रीलंका क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 8 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड 33.2 ओवर में 156 रन पर सिमट गई। जवाब में श्रीलंका ने 25.4 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हार के बाद इंग्लिश कप्तान जोस बटलर ने निराशा जाहिर की। इस दौरान उन्होंने चयन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आप रातोरात एक बुरी टीम नहीं बनते हैं।

बयान

हमारे पास कई अनुभवी क्रिकेटर- बटलर

बटलर ने कहा, "यह अविश्वसनीय रूप से कठिन है। एक कप्तान के रूप में आप इसे महसूस करते हैं। हम अपने आप से और अपने खिलाड़ियों से निराश हैं कि हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है। हम अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से काफी पीछे रह गए हैं।" उन्होंने कहा, "हमारे पास कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। आप रातोरात एक बुरी टीम नहीं बनते हैं। हम अब तक अपने सर्वश्रेष्ठ से पीछे रहे हैं और इसका कोई विशेष कारण नहीं है।"

बयान

"चयन हमारी समस्या नहीं"

बटलर ने कहा, "मैं इस पर उंगली नहीं उठा सकता। चयन एक ऐसी चीज है जिसके अनुरूप आपको ढलना होता है। चयन हमारी समस्या नहीं रही है। हम अपने मानकों से पीछे हैं। जो रूट रन आउट हुए। आप हमारी ओर से इस तरह की गलतियां नहीं देखते हैं।" उन्होंने कहा, "बल्ले और गेंद से चीजें अच्छी नहीं हुईं। बाकी मैचों में हम अच्छी क्रिकेट खेलकर वापसी करना चाहते हैं। इंग्लैंड अगले मैच में 29 अक्टूबर को भारत से भिड़ेगा।"