जो रूट ने अर्धशतक जड़कर पूरे किए 9,000 लिस्ट-A रन, ये रिकॉर्ड्स भी बनाए
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच तीसरे वनडे मुकाबले में जो रूट ने शानदार अर्धशतकीय पारी (74) खेली। ये उनके वनडे करियर का 48वां अर्धशतक रहा। उन्होंने भारत के खिलाफ अपना 7वां पचासा लगाया। इस पारी के दौरान उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में 9,000 रन भी पूरे किए। उन्होंने सीरीज के सभी मुकाबलों में अर्धशतक लगाए। उन्होंने इससे पहले 99* और 76* के स्कोर बनाए थे। ऐसे में आइए उनके द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही रूट की पारी और साझेदारी
रूट ने 48 गेंदों में 74 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 9 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 154.17 की रही।
उन्होंने बेन डकेट के साथ 80 गेंदों में 101 रन की साझेदारी निभाई। वहीं, जोस बटलर के साथ सिर्फ 19 गेंदों में 63 रन जोड़े।
उनकी इस धमाकेदार पारी के साथ इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387/3 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया।
रूट के अलावा बटलर ने केवल 13 गेंदों में 41 रन बनाए।
रिकॉर्ड
रूट ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बने
रूट अपनी पिछली 4 वनडे पारियों में 111*, 76*, 99* और 27* रन बनाकर नाबाद लौटे हैं।
इसी के साथ वह इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में लगातार 6 पारियों में 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है।
इतना ही नहीं, रूट ने 2 बार आउट होने के बीच 313 रन बनाकर अपना ही पुराना इंग्लैंड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इससे पहले उन्होंने 2018 में 309 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
लिस्ट-A
रूट ने हासिल की ये उपलब्धि
रूट ने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपने 9,000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने तीसरे वनडे में अपना 35वां रन बनाते ही ये उपलब्धि हासिल की।
इस दिग्गज खिलाड़ी ने यह मुकाम अपने 230वें मैच की 218वीं पारी में हासिल की है।
उनके नाम अब 48 से अधिक की औसत से 9,000 से ज्यादा रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 21 शतक और 55 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 166 रन रहा है।
सरजमीं
रूट ने इंग्लैंड में पूरे किए 4,000 वनडे रन
रूट ने अपनी इस पारी के दौरान एक और उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने घरेलू सरजमीं पर 4,000 वनडे रन पूरे कर लिए।
इस खिलाड़ी ने इंग्लैंड में अब तक 99 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 93 पारियों में 52.33 की औसत से 4,030 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 10 शतक और 24 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 166* रन रहा है।
ये खिलाड़ी 16 पारियों में नाबाद भी रहा है
दिग्गज
रूट ने तोड़ा बटलर का ये बड़ा रिकॉर्ड
रूट ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में बिना एक भी बार आउट एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने इस सीरीज में अब तक 249* रन बनाए हैं, जो किसी भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में बिना आउट हुए सबसे ज्यादा रन हैं।
रूट ने इस मामले में बटलर (248, बनाम नीदरलैंड, 2022) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इस सूची में रिकी पोंटिंग (241, न्यूजीलैंड, 2007), जावेद मियांदाद (234, भारत, 1982) और महेंद्र सिंह धोनी (212, इंग्लैंड, 2011) भी शामिल हैं।