जो रूट टेस्ट और वनडे में 50+ की औसत वाले दूसरे बल्लेबाज बने, जानिए पहला कौन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी (76*) खेली। हालांकि, इसके बाद भी इंग्लैंड को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस बीच रूट के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हुई। वह टेस्ट और वनडे में न्यूनतम 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में 50 से अधिक की औसत रखने वाले केवल दूसरे बल्लेबाज बन गए।
बराबरी
रूट ने की एबी डिविलियर्स की बराबरी
रूट ने इस पारी के साथ टेस्ट और वनडे में 50 से अधिक की औसत रखने के मामले में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स की बराबरी कर ली।
डिविलियर्स ने अपनी करियर में 114 टेस्ट में 50.66 की औसत से 8,765 और 228 वनडे में 53.50 की औसत से 9,577 रन बनाए थे।
इसी तरह रूट ने 166 टेस्ट में 50.59 की औसत से 14,114 रन और 190 वनडे में 50.02 की औसत से 7,653 रन बनाए हैं।
करियर
कैसा रहा है रूट का वनडे करियर?
रूट ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2013 में भारत के खिलाफ ही खेला था।
उन्होंने अब तक 190 मैच खेले हैं, जिसकी 179 पारियों में 50.02 की औसत और 87.71 की स्ट्राइक रेट से 7,653 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 20 शतक और 46 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 166* रन रहा है।
भारत के खिलाफ उन्होंने 26 मैचों की 24 पारियों में 46.35 की औसत से 927 रन बनाए हैं।