जो रूट इंग्लैंड में सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, इयोन मॉर्गन को पीछे छोड़ा
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में 44 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में पारी का 38वां रन बनाते ही वह इंग्लैंड की धरती पर सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले इंग्लिश बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन को पीछे छोड़ दिया है। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
कारनामा
रूट ने 100वें वनडे में बनाया यह रिकॉर्ड
यह रूट का इंग्लैंड की सरजमीं पर 100वां वनडे मुकाबला रहा।
वे मोर्गन (124 मैच) के बाद इंग्लैंड में मैचों का शतक पूरा करने वाले इतिहास के केवल दूसरे बल्लेबाज बने हैं।
मोर्गन ने इंग्लैंड में अपने वनडे करियर में कुल 4,067 रन बनाए थे। रूट ने मोर्गन को मात्र 94 पारियों में ही पीछे छोड़ दिया है।
इंग्लैंड की धरती पर रूट और मोर्गन के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज 2,800 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू सका है।
औसत
इस मामले में केवल रोहित शर्मा से पीछे हैं रूट
इंग्लैंड में 1,500 से अधिक वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाजों में जो रूट की औसत 52 से अधिक है, जो कि दूसरी सर्वश्रेष्ठ है।
इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा 64.12 की बेमिसाल औसत के साथ शीर्ष पर काबिज हैं।
इसके अलावा, रूट के नाम इंग्लैंड की सरजमीं पर सबसे ज्यादा वनडे शतक (10 शतक) लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। वे इस प्रारूप में यहां 23 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं।
करियर
कैसा रहा है रूट का वनडे करियर?
रूट का वनडे करियर काफी शानदार रहा है। वह अब तक 193 मैचों में 51.10 की औसत और 87.84 की स्ट्राइक रेट से 7,870 रन बना चुके हैं। इसमें 20 शतक और 48 अर्धशतक शामिल हैं।
इंग्लैंड के किसी अन्य बल्लेबाज ने इस प्रारूप में 7,000 रन भी नहीं बनाए हैं।
श्रीलंका के खिलाफ 33 वनडे मैचों में रूट ने 65 से अधिक की औसत से 1,450 से अधिक रन बनाए हैं। इमसें 3 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं।