नीरज चोपड़ा समेत भाला फेंक खिलाड़ियों ने कोच नवल सिंह पर उत्पीड़न के आरोप लगाए
क्या है खबर?
भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और बार-बार अपशब्दों का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अलावा पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल सहित कई शीर्ष भारतीय भाला फेंक खिलाड़ियों ने कोच के खिलाफ भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। खबरों के मुताबिक, 10 अप्रैल को लिखित रूप से शिकायत की गई है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
हमारे परिवार को गाली देते हैं कोच- सुमित अंतिल
द ब्रिज की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस शिकायत के साथ ईमेल और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर दी गई हैं, जिनमें कथित तौर पर कोच नवल को भारतीय एथलीटों को गाली-गलौज करते हुए सुना जा सकता है। अंतिल ने अपनी लिखित शिकायत में कहा, 'कोच हमें और हमारे परिवार को गाली देते हैं। उन्होंने नीरज चोपड़ा, नवदीप सिंह और संदीप चौधरी जैसे खिलाड़ियों को भी गाली दी है। ट्रेनिंग के समय भी वो नशे में होते हैं।'
रिपोर्ट
नीरज ने कोच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की
नीरज ने भी नवल पर शर्मनाक टिप्पणियों का आरोप लगाया। उन्होंने अंतिल की शिकायत का समर्थन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लिखा, 'मैं अपने साथी एथलीटों से पूरी तरह सहमत हूं और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करता हूं। किसी भी जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति का इस तरह का बर्ताव बिल्कुल बर्दाश्त के बाहर है और इससे पूरे खेल जगत की बदनामी होती है।'
विवाद
नवल सिंह का पहले भी विवादों से रहा है नाता
यह कोई पहला मौका नहीं है, जब नवल का नाम किसी विवाद में आया हो। इससे पहले पूर्व पैरा एथलीट दीपा मलिक ने भी नवल के खिलाफ इसी तरह मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इस वजह से दीपा को 2014 में उनके साथ ट्रेनिंग छोड़नी पड़ी थी। अब हाल ही में उपजे विवाद में अभी तक SAI की तरफ से कोई साफ जवाब या कार्रवाई नहीं हुई है।