इमरान खान के समर्थन में आए जावेद मियांदाद, सरकार से की यह भावुक अपील
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद अपने साथी खिलाड़ी और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की लगातार नजरबंदी और जेल की सजा के खिलाफ खुलकर सामने आए हैं। एक हालिया पॉडकास्ट (नरेटिव्स) में दिए भावुक साक्षात्कार के दौरान मियांदाद पाकिस्तान सरकार से इमरान खान के साथ अपने मतभेदों को सुलझाने की अपील करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि इमरान खान इस तरह के व्यवहार के हकदार नहीं हैं।
बयान
मियांदाद ने क्या दिया बयान?
अगस्त 2023 से रावलपिंडी की जेल में बंद इमरान के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए मियांदाद ने कहा, "उनके साथ जो किया जा रहा है वह सही नहीं है। यह पूरी तरह से अनावश्यक है। उनका भी एक परिवार है। उन्हें (इमरान) जेल से बाहर निकालने से क्या हो जाएगा? क्या वह किसी को खा जाएंगे या किसी को नुकसान पहुंचाएंगे? वह भी किसी के बेटे हैं। मैं हमेशा सोचता रहता हूं कि वह जेल में क्या कर रहे होंगे।"
अपील
मियांदाद ने सरकार से की खास अपील
मियांदाद ने देश की सरकार से अपील करते हुए कहा, "मैं प्रार्थना करता हूं कि उनके साथ जो कुछ भी चल रहा है उसका समाधान निकाला जाए। इमरान कोई भ्रष्ट व्यक्ति नहीं हैं। मैं इस स्थिति को सुलझाने के लिए किसी भी तरह की मदद करने को तैयार हूं। सभी संबंधित पक्षों को एक साथ बैठकर इसका कोई रास्ता निकालना चाहिए।"
बता दें कि मियांदाद और इमरान एक समय घनिष्ठ मित्र थे, जिन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेट को ऊंचाइयों पर पहुंचाया था।
खारिज
मियांदाद ने आपसी मतभेदों और प्रतिद्वंद्विता की खबरों को किया खारिज
इन दोनों दिग्गजों के बीच अक्सर मतभेदों की खबरें आती रही हैं। हालांकि, मियांदाद ने इन बातों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि वे दोनों इंग्लिश काउंटी में ससेक्स के लिए एक साथ खेले थे और उनके बीच कभी कोई लड़ाई नहीं रही।
मियांदाद ने कहा, "मैंने कभी इस बात की शिकायत नहीं की कि इमरान ने मेरे साथ कुछ गलत किया है। मेरा करियर शानदार रहा और मैं इसके लिए आभारी हूं।"
चिंता
इमरान की सेहत को लेकर दुनिया भर के कप्तानों ने जताई चिंता
भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल में बंद इमरान के स्वास्थ्य को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएं बढ़ गई हैं।
पिछले सप्ताह दुनिया के 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक खुला पत्र लिखा है।
इसमें इमरान खान को जेल में उचित चिकित्सा उपचार देने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की गई है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस भी उनका खुलकर समर्थन किया है।
घमासान
अस्पताल ले जाने पर भी मचा है घमासान
पिछले सप्ताह पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को इस्लामाबाद के शिफा अस्पताल ले जाने का आदेश दिया था।
हालांकि, प्रशासन उन्हें वहां ले जाने के बजाय सरकारी PIMS अस्पताल ले गया और महज एक बुनियादी मेडिकल चेकअप के बाद तुरंत वापस जेल भेज दिया, जिससे उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर विवाद और गहरा गया है।
उनकी पार्टी के नेता और समर्थक लगातार इमरान के पक्ष में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।