IPL में विराट कोहली को 5 बार आउट कर चुके हैं जसप्रीत बुमराह, जानिए प्रदर्शन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसमें विश्व के तमाम दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विराट कोहली अपनी टीम को लगातार दूसरी बार खिताब जिताने की कोशिश करेंगे। ऐसे ही मुंबई इंडियंस (MI) के जसप्रीत बुमराह विपक्षी टीम के बल्लेबाजों की कठिन परीक्षा लेते हुए नजर आएंगे। इस बीच IPL इतिहास में बुमराह के खिलाफ कोहली के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
2025
IPL 2025 में दोनों खिलाड़ियों का कैसा रहा था प्रदर्शन?
IPL 2025 में कोहली तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 15 मैचों की 15 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 657 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक निकले थे। पिछले संस्करण में बुमराह ने 12 मैच खेले, जिसमें 17.55 की औसत और 6.67 की इकॉनमी रेट के साथ 18 विकेट लिए थे। बुमराह चोटिल होने के कारण शुरुआती मुकाबले नहीं खेल पाए थे।
जानकारी
IPL 2025 में बुमराह के खिलाफ कोहली ने बनाए थे 10 रन
IPL 2025 के दौरान कोहली ने बुमराह का एक पारी में सामना किया था। RCB के पूर्व कप्तान ने बुमराह के विरुद्ध 6 गेंदों में 10 रन (छक्का- 1) बनाए थे। इस बीच बुमराह उन्हें आउट नहीं कर पाए थे।
आंकड़े
बुमराह ने 5 पारियों में कोहली को किया है आउट
क्रिकइंफो के अनुसार, IPL में दोनों खिलाड़ी 17 मैचों में आमने-सामने हुए हैं। इस बीच बुमराह की 101 गेंदों में कोहली ने 148.51 की स्ट्राइक रेट से 150 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ MI के इस दिग्गज गेंदबाज ने कोहली को 5 पारियों में आउट किया है। बुमराह के खिलाफ बड़े शॉट लगाना कोई आसान काम नहीं है, और कोहली ने अपने IPL करियर में बुमराह के खिलाफ 6 छक्के और 15 चौके लगाए हैं।
बुमराह
बुमराह ने IPL में लिए हैं 183 विकेट
IPL इतिहास में बुमराह MI से सर्वाधिक विकेट (183) विकेट ले चुके हैं। उनके बाद लसिथ मलिंगा ने MI के लिए 170 विकेट लिए थे। बुमराह IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा 3 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 25 मैचों में कम से कम 3 विकेट चटकाए हैं। MI ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते और बुमराह सभी संस्करणों में टीम का हिस्सा थे। हालांकि, वह 2013 और 2015 फाइनल में खेले नहीं थे।
कोहली
IPL में सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं कोहली
कोहली ने अब तक खेले 267 मैचों की 259 पारियों में 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए हैं। वह इस सीजन में IPL इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल कोहली लीग में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा (7,046) लीग में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं, जो कि कोहली से काफी पीछे हैं।