जसप्रीत बुमराह फिट घोषित, हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को मिला मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और उसके प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम ने पूरी तरह फिट घोषित कर दिया गया है। ऐसे में बुमराह अब आगामी अफगानिस्तान टी-20 सीरीज और एशियाई खेल 2026 में भारतीय टीम की गेंदबाजी की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे। इसी तरह BCCI की चयन समिति ने चोट के कारण बाहर हुए तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को मौका दिया है।
मंजूरी
CoE ने दी हरी झंडी
बुमराह पिछले कुछ समय से बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में पूनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे थे।
उन्होंने गत दिनों आयोजित मैच फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया और उसे बखूबी पास कर लिया। उसके बाद गुरुवार को उन्हें फिट घोषित कर दिया गया।
बता दें कि बुमराह को इंग्लैंड में कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं घुटने पर चोट लग गई थी। उसके बाद से ही वह CoE में थे।
मौका
राणा की जगह ठाकुर को मिला मौका
तेज गेंदबाज राणा CoE में अपनी पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे थे।
वह तेजी से ठीक हो रहे थे, लेकिन उसी दौरान उन्हें एक नई चोट लग गई है, जिसके चलते वह अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो गए।
इसके बाद उनकी जगह विदर्भ के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है।
BCCI के बयान के अनुसार, यश को अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज और एशियाई खेलों के लिए राण की जगह शामिल किया गया है।
अन्य
रेड्डी और सुंदर ने भी पास किया फिटनेस टेस्ट
बुमाराह के साथ ऑलराउंडर नितीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर ने भी फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। इससे भारत को अब दोनों अहम प्रतियोगिताओं में दोनों ऑलराउंडरों की सेवाएं मिल सकेंगी।
23 वर्षीय नितीश डेढ़ महीने से CoE में जांघ की चोट का इलाज करा रहे थे। उन्होंने पिछले हफ्ते एक और इस हफ्ते 2 मैच खेले।
इसी तरह सुंदर ने भी दोनों फिटनेस मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के लिए मंजूरी हासिल की है।
करियर
ठाकुर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ किया था टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
तेज गेंदबाज ठाकुर ने जुलाई में जिम्बाब्वे के भारतीय दौरे के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने 2 मैच खेलकर 4 विकेट चटकाए थे।
BCCI के अनुसार, इस तेज गेंदबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी 50 मैच खेले हैं, जहां उन्होंने 7.04 की इकॉनमी रेट से 81 विकेट चटकाए हैं।
उनके लगातार शानदार प्रदर्शन, जिसमें 18.75 की औसत से 114 टी-20 विकेट शामिल हैं। उनके इसी प्रदर्शन उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचाया है।
टीम
अफगानिस्तान सीरीज और एशियाई खेलों के लिए संशोधित भारतीय टीम
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम- श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।
एशियाई खेलों के लिए टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और यश ठाकुर।