वेलिंगटन टेस्ट: जसप्रीत बुमराह ने पहली बार लिया न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट हॉल, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट अपने नाम किए। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में यह उनका पहला 4 विकेट हॉल है। हालांकि, वह अब तक इस टीम के खिलाफ एक बार भी 5 विकेट हॉल हासिल नहीं कर सके हैं। उनके टेस्ट करियर का यह 8वां 4 विकेट हॉल रहा। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही बुमराह की गेंदबाजी
बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 29 ओवर गेंदबाजी की और 92 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 3.20 की रही, जबकि उन्होंने 8 मेडन ओवर भी डाले।
भारतीय तेज गेंदबाज ने टॉम लैथम (0), डेरिल मिचेल (1), टॉम ब्लंडल (5) और मैट हेनरी (1) को अपना शिकार बनाया।
उनके अलावा आकाश दीप ने 3 विकेट हासिल किए। वहीं, अंशुल कंबोज को 2 और प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।
न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐसे हैं बुमराह के आंकड़े
बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट साल 2020 में खेला था। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 6 मुकाबले खेले हैं। इसकी 11 पारियों में उन्होंने 38.53 की औसत से 13 विकेट चटकाए हैं।
इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/92 का रहा है।
वहीं, न्यूजीलैंड की धरती पर बुमराह ने 3 टेस्ट मैच खेले हैं। इनकी 5 पारियों में उन्होंने 28.20 की औसत से 10 विकेट हासिल किए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 3.11 की रही है।
उपलब्धि
बुमराह ने हासिल की ये उपलब्धि
पहले दिन के शुरुआती 2 सत्र में बुमराह ने 3 विकेट लिए और वह भारत की ओर से टेस्ट में 10वें सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ा।
श्रीनाथ ने 236 विकेट लिए थे। बुमराह इस समय विकेटों के मामले में भागवत चन्द्रशेखर (242) को पीछे छोड़ने के करीब हैं।
टेस्ट में भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट अनिल कुंबले (619) ने लिए हैं। तेज गेंदबाजों में कपिल देव ने 434 विकेट चटकाए हैं।
करियर
बुमराह के टेस्ट करियर पर एक नजर
बुमराह ने पहला टेस्ट मैच साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 53 मुकाबले खेले हैं और इसकी 100 पारियों में 238 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 16 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/27 का रहा है।
वह 200 से अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं, जिनका औसत 20 से कम है।