टी-20 अंतरराष्ट्रीय: वेस्टइंडीज के लिए ये बड़ा रिकॉर्ड बनाने वाले पहले तेज गेंदबाज बने जेसन होल्डर
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। वह घरेलू सरजमीं पर 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि श्रीलंका के खिलाफ हासिल की। होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और श्रीलंकाई पारी को बिखेरने में अहम भूमिका निभाई। उनकी बदौलत मैच में वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से आसान जीत दर्ज की।
गेंदबाज
होल्डर ये उपलब्धि हासिल करने वाले वेस्टइंडीज के सिर्फ दूसरे गेंदबाज
होल्डर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके घरेलू मैदान पर 51 विकेट हो गए हैं। उन्होंने 40 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की है और इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 8.31 की रही है। उनके नाम 2 बार 4 विकेट और 1 बार 5 विकेट हॉल है। स्पिन गेंदबाज अकील हुसैन (51 विकेट) वेस्टइंडीज में 50+ विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाज हैं।
विकेट
वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं होल्डर
होल्डर वेस्टइंडीज के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। वह 100 से ज्यादा विकेट लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने 97 मैच की 93 पारियों में 26.45 की औसत से 111 विकेट चटकाए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.65 की रही है। इस खिलाड़ी ने 5 बार 4 विकेट हॉल और एक बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/11 का रहा है। हुसैन (93 विकेट) दूसरे स्थान पर हैं।
जीत
ऐसे मिली वेस्टइंडीज को जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका 147/9 का स्कोर ही बना पाई थी। कामिंदु मेंडिस (51) को छोड़कर कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। वेस्टइंडीज के लिए होल्डर और शमार जोसेफ ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। जवाब में वेस्टइंडीज ने शाई होप (65) की पारी के मदद से जीत हासिल कर ली। ब्रेडन किंग के बल्ले से 37 रन निकले। 19.2 ओवर में 3 विकेट खोकर वेस्टइंडीज ने मैच अपने नाम किया।