जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी (76*) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और भारत के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 39 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही इंग्लैंड की टीम मैच में 4 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही बेथेल की पारी और साझेदारी?
इंग्लैंड को 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 1 रन के कुल स्कोर पर 2 झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए बेथेल ने कप्तान हैरी ब्रूक (39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 रन, टॉम बैंटन (39) के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। वह अपनी पारी में 46 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों से 76 रन बनाकर नाबाद रहे।
करियर
कैसा रहा है बेथेल का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
बेथेल ने साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 33 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 30 पारियों में 32.20 की औसत और 151.27 की स्ट्राइक रेट से 773 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 105 रन का रहा है। वह अब तक 61 चौके और 45 छक्के जड़ चुके हैं।