आयरलैंड बनाम भारत: हैरी टेक्टर ने दूसरे टी-20 में लगाया अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हैरी टेक्टर ने अर्धशतक (53) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां और भारत के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। उनकी पारी की मदद से आयरलैंड ने पहले खेलते हुए 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए। बता दें कि वह पहले टी-20 में शून्य पर आउट हुए थे। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही टेक्टर की पारी
आयरलैंड ने जब 17 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब टेक्टर क्रीज पर आए। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बेंजामिन कैलिट्ज के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। टेक्टर ने 44 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 47 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया।
सूची
इस सूची में शामिल हुए टेक्टर
टेक्टर अपने 100वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारी में 50+ रन बनाने वाले 7वें बल्लेबाज बने। वह इस मामले में ग्लेन मैक्सवेल, क्विंटन डिकॉक, रोहित शर्मा, डेविड वार्नर, जोस बटलर और रॉस टेलर की सूची में शामिल हुए। टेक्टर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 100 पारियों में 24.97 की औसत और 121.58 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,898 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 96 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 9 अर्धशतक लगाए हैं।