आयरलैंड ने ओमान के खिलाफ बनाया टी-20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टीम स्कोर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 22वें मुकाबले में शनिवार (14 फरवरी) को आयरलैंड क्रिकेट टीम ने ओमान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 235/5 का स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही उसने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह टी-20 विश्व कप इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया का दूसरा सर्वोच्च स्कोर रहा है। टी-20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड श्रीलंका क्रिकेट टीम (260/6 बनाम केन्या, 2007) के नाम दर्ज है।
बल्लेबाजी
आयरलैंड ने कैसे बनाया दूसरा सर्वोच्च स्कोर?
आयरलैंड को पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 रन पर 2 झटके लग गए थे। उसके बाद आए कप्तान लोकरन टकर ने गैरेथ डेलानी (56) के साथ 5वें विकेट के लिए 101 रन की अहम साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने जॉर्ज डॉकरेल (35*) के साथ छठे विकेट के लिए 19 गेंदाें में 70 रन जोड़ते हुए स्कोर को 235/5 पर पहुंचा दिया। इस दौरान टकर 51 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर नाबाद रहे।
अर्धशतक
डेलानी ने जड़ा चौथा अर्धशतक
डेलानी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और ओमान टीम के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। इसी तरह यह उनके टी-20 विश्व कप करियर का पहला ही अर्धशतक रहा। उनकी इस पारी की बदौलत ही आयरलैंड की टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। वह 30 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
आयरलैंड ने बनाया टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वोच्च स्कोर
आयरलैंड द्वारा बनाया गया 235/5 का स्कोर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उसका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उसका सर्वोच्च स्कोर 226/4 का था, जो उसने साल 2023 में ऑस्ट्रिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाया था। टी-20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर के मामले में उसने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पीछे छोड़ दिया है, जिसने टी-20 विश्व कप 2016 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 8 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाए थे।
उपलब्धि
आयरलैंड ने डेथ ओवर में बनाए तीसरे सर्वाधिक रन
आयरलैंड ने डेथ ओवर (16-20) में कुल 93 रन बनाते हुए स्कोर को 235/5 पहुंचाया। यह टी-20 विश्व कप इतिहास में डेथ ओवर में बनाए गए तीसरे सर्वाधिक रन हैं। डेथ ओवर में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के नाम दर्ज है, जिसने 2024 में गाम्बिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में 116 रन बनाए थे। इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम दूसरे नंबर पर है, जिसने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ 103 रन बनाए थे।