IPL: इन खिलाड़ियों ने मैच में 50+ रन बनाने के साथ-साथ फील्डिंग में 4 कैच पकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 38वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को सुपर ओवर में हराया। इस मैच में रिंकू सिंह ने कमाल का प्रदर्शन किया। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए रिंकू ने मुकाबले में अर्धशतक लगाया। इसके बाद फील्डिंग में 4 कैच पकड़े। इस बीच IPL में उन खिलाड़ियों (विकेटकीपर को छोड़कर) के बारे में जानते हैं, जिन्होंने 50+ रन बनाने के साथ-साथ 4 कैच लिए हैं।
#1
जैक्स कैलिस (2011)
IPL 2011 के छठे मैच में KKR ने डेक्कन चार्जर्स को 9 रन से हराया था। इस मैच में जैक्स कैलिस ने 45 गेंदों में 53 रन बनाए थे, जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल था। उनकी पारी की बदौलत KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163/4 का स्कोर बनाया। जवाब में चार्जर्स की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 154/8 का स्कोर ही बना सकी थी। कैलिस ने फील्डिंग करते हुए 4 कैच भी पकड़े थे।
#2
रियान पराग (2022)
IPL 2022 के 39वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने RCB को 29 रन से हराया था। पुणे में खेले गए मुकाबले में RR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144/8 का स्कोर बनाया था, जिसमें रियान पराग ने 31 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 56 रन बनाए थे। इसके बाद फील्डिंग में पराग ने 4 कैच भी लपके थे। RCB की टीम 145 रन पर सिमट गई थी।
#3
डेरिल मिचेल (2024)
IPL 2024 के 46वें मैच में CSK ने SRH को 78 रन से हराया था। उस मुकाबले में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212/3 का स्कोर बनाया, जिसमें डेरिल मिचेल ने 52 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा रुतुराज गायकवाड़ ने 98 रन बनाए थे। इसके बाद फील्डिंग करते हुए मिचेल ने 5 कैच पकड़े थे और SRH की पूरी टीम सिर्फ 134 रन पर आउट हो गई थी।
#4
रिंकू सिंह (2026)
IPL 2026 में रिंकू ने LSG के खिलाफ मैच में 51 गेंदों में 83 रन की नाबाद पारी खेली थी। उनकी बदौलत KKR ने पहले खेलते हुए 155/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में LSG की टीम भी पूरे ओवर खेलने के बाद 8 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी थी। रिंकू ने फील्डिंग करते हुए 4 कैच पकड़े थे। इसके बाद सुपर ओवर में LSG सिर्फ 1 रन ही बना सकी थी और KKR ने मैच को जीता।