IPL: इन बल्लेबाजों ने एक ओवर में 6 चौके लगाने का कारनामा किया
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मैचों में बड़े स्कोर देखने को मिल रहे हैं। IPL 2026 के 35वें मैच में DC ने 264/2 का स्कोर बनाया। जवाब में PBKS ने रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल किया। PBKS से प्रभसिमरन सिंह ने मैच में 76 रन बनाए। इस बीच उन्होंने एक ओवर में 6 चौके लगाए। IPL के इतिहास में एक ओवर में 6 चौके लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
अजिंक्य रहाणे (RR बनाम RCB, 2012)
अजिंक्य रहाणे ने IPL 2012 में राजस्थान रॉयल्स (RR) का प्रतिनिधित्व करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ शतक (103*) लगाया था। उन्होंने श्रीनाथ अरविंद के ओवर में लगातार 6 चौके लगाने का कारनामा किया था। उनके शतक की मदद से RR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195/2 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB की पारी 136 रन पर सिमट गई थी। RR से सिद्धार्थ त्रिवेदी ने 4 विकेट लिए थे।
#2
पृथ्वी शॉ (DC बनाम KKR, 2021)
IPL 2021 के 25वें मैच में DC ने KKR को 7 विकेट से हराया था। मैच में DC ने जीत के लिए मिले 155 रन के लक्ष्य को पृथ्वी शॉ की पारी (82) की बदौलत हासिल किया था। उस मैच में पृथ्वी ने पारी का पहला ओवर करने आए शिवम मावी की जमकर खबर ली थी। इस सलामी बल्लेबाज ने मावी के ओवर में 6 चौके लगाए थे। इसके बाद मावी ने मैच में कोई और ओवर नहीं किया था।
#3
प्रभसिमरन सिंह (PBKS बनाम DC, 2026)
IPL 2026 में PBKS ने इतिहास रचते हुए जीत के लिए मिले 265 रन के लक्ष्य को हासिल किया। PBKS के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन ने मुकेश कुमार के ओवर में 6 चौके लगाने का कारनामा किया। प्रभसिमरन 26 गेंदों में 76 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 9 चौके और 5 छक्के लगाए। मुकेश ने इस मैच में अपने 3 ओवर में 55 रन लुटाए।