LOADING...
IPL में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और उनके आंकड़े
अल्जारी जोसेफ ने MI के लिए घातक गेंदबाजी की थी (फाइल तस्वीर)

IPL में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और उनके आंकड़े

Mar 20, 2026
07:51 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में जहां बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है, वहीं कुछ गेंदबाज ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख अकेले बदल दिया। एक स्पेल, कुछ गेंदें और पूरा मुकाबला पलट जाता है। IPL के इतिहास में कई ऐसे यादगार प्रदर्शन हुए हैं, जहां गेंदबाजों ने रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े दर्ज कर सबको चौंका दिया है। ऐसे में आइए एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।

#1

अल्जारी जोसेफ (6/12) 

पहले स्थान पर मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ हैं। उन्होंने IPL 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ घातक गेंदबाजी की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 136/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में SRH 96 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जोसेफ ने 3.4 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन के साथ सिर्फ 12 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। उनकी इकॉनमी 3.27 की रही थी। MI को 40 रन से जीत मिली थी।

#2

सोहेल तनवीर (6/14)

दूसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स (RR) के पूर्व तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर हैं। इस खिलाड़ी ने IPL के पहले संस्करण में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की थी। उन्होंने 4 ओवर में 14 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी इकॉनमी रेट 3.50 की रही थी। तनवीर की शानदार गेंदबाजी के कारण CSK सिर्फ 109 रन पर ऑलआउट हो गई थी। RR ने 14.2 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

Advertisement

#3

एडम जैम्पा (6/19) 

तीसरे स्थान पर एडम जैम्पा हैं। उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए खेलते हुए IPL 2016 में SRH के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। जैम्पा ने 4.75 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की थी। इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। SRH के 138 रन के लक्ष्य के जवाब में पुणे 133/8 का स्कोर ही बना पाई। उसे 4 रन से हार मिली थी।

Advertisement

#4

अनिल कुंबले (5/5) 

इस सूची में चौथे नंबर पर पूर्व दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले हैं। उन्होंने IPL 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए RR के खिलाफ सिर्फ 5 रन खर्च कर 5 विकेट चटकाए थे। उन्होंने 3.1 ओवर गेंदबाजी की थी और 1 मेडन भी डाला था। कुंबले की इकॉनमी रेट 1.57 की रही थी। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में RR केवल 58 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

Advertisement