LOADING...
IPL: RCB द्वारा बनाए गए सबसे छोटे टीम स्कोर, 49 रन पर ऑलआउट हुई है टीम
RCB पिछले संस्करण की चैंपियन रही है (फाइल तस्वीर)

IPL: RCB द्वारा बनाए गए सबसे छोटे टीम स्कोर, 49 रन पर ऑलआउट हुई है टीम

Mar 18, 2026
03:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जहां बड़े स्कोर के लिए जानी जाती है, वहीं कई बार यही टीम बेहद कम स्कोर पर सिमटकर चौंका भी चुकी है। मजबूत बल्लेबाजी के बावजूद कुछ मुकाबलों में पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। इन छोटे स्कोरों ने न सिर्फ फैंस को हैरान किया, बल्कि टीम की कमजोरियों को भी उजागर किया। ऐसे में आगामी संस्करण से पहले टीम के सबसे छोटे स्कोर पर नजर डालते हैं।

#1

49 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 2017 

IPL 2017 का 27वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और RCB के बीच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR 131 रन बनाने में सफल हो पाई थी। युजवेंद्र चहल ने 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। जवाब में RCB की पूरी टीम केवल 49 रन बनाकर पवेलियन में थी। उनका कोई भी बल्लेबाज मैच में 10 रन भी नहीं बना पाया था। नाथन कूल्टर नाइल, क्रिस वोक्स और कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने 3-3 विकेट लिए थे।

#2

68 रन बनान सनराइजर्स हैदराबाद, 2022 

IPL 2022 के 36वें मुकाबले में RCB पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 16.1 ओवर में सिर्फ 68 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। सुयश प्रभुदेसाई ने सबसे ज्यादा 15 रन बनाए थे। मार्को यानसन और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए थे। जवाब में SRH ने केवल 8 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। अभिषेक शर्मा के बल्ले से सबसे ज्यादा 28 गेंदों में 47 रन निकले थे।

Advertisement

#3

70 रन बनाम CSK और RR, 2014 और 2019 

RCB दो बार IPL में 70 रन पर ऑलआउट हुई है। दोनों मैच में उसे हार मिली है। IPL 2019 के पहले मैच में ही चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने RCB को इतने कम रन पर पवेलियन भेजा था। हरभजन सिंह और इमरान ताहिर ने 3-3 विकेट अपने नाम किए थे। इससे पहले IPL 2014 में RCB राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ केवल 70 रन पर ऑलआउट हुई थी। प्रवीण तांबे ने सिर्फ 20 रन देकर 4 विकेट लिए थे।

Advertisement

#4

82 रन बनाम KKR, 2008 

IPL के पहले संस्करण के पहले मुकाबले में KKR का सामना RCB से हुआ था। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 222/3 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया था। ब्रेडन मैकुलम ने 73 गेंदों का सामना कर 158* रन बनाए थे। जवाब में RCB की पूरी टीम केवल 82 रन पर ऑलआउट हो गई थी। अजित अगरकर ने KKR के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए थे। अशोक डिंडा और सौरव गांगुली के खाते में 2-2 विकेट आए थे।

Advertisement