IPL: SRH की ओर से 5 से अधिक शतकीय साझेदारी करने वाली सलामी जोड़ियां
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अब कई सलामी जोड़ियां सफल साबित हुई हैं, जिन्होंने अपनी-अपनी टीमों के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी अपनी टीम को कई मैच जिता चुकी है। इस जोड़ी ने हाल ही में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ शतकीय साझेदारी करते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। IPL में SRH की ओर से सर्वाधिक शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड (6)
अभिषेक और हेड ने IPL 2026 के 41वें मैच में MI के खिलाफ 129 रन की साझेदारी की थी। उनकी अच्छी शुरुआत के ही चलते SRH ने जीत के लिए मिले 244 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल किया था। यह अभिषेक और हेड के बीच IPL में कुल छठी शतकीय साझेदारी रही। यह जोड़ी 2024 से साथ में खेल रही है और अब तक साझेदारी में 1,700 से अधिक रन बना चुकी है।
#2
शिखर धवन और डेविड वार्नर (6)
शिखर धवन और डेविड वार्नर भी SRH की ओर से 6 शतकीय साझेदारी कर चुके थे। क्रिकइंफो के मुताबिक, इस सलामी जोड़ी ने 2014-2017 में 50 पारियों में साथ बल्लेबाजी की, जिसमें उन्होंने 48.1 की औसत के साथ 2,357 रन बनाए। इस सलामी जोड़ी ने 14 अर्धशतकीय साझेदारी भी की। धवन और वार्नर के बीच सर्वोच्च साझेदारी 139 रन की है। धवन-वार्नर उन चुनिंदा जोड़ियों में शुमार हैं, जिन्होंने साझेदारी में 2,000+ रन बनाए हैं।
#3
जॉनी बेयरस्टो और डेविड वार्नर (5)
SRH की ओर से जॉनी बेयरस्टो और वार्नर की जोड़ी भी खासी सफल रही थी। इस सलामी जोड़ी ने 5 शतकीय साझेदारियां बनाई थी। वार्नर-बेयरस्टो ने IPL 2019 में RCB के खिलाफ पहले विकेट के लिए 185 रन जोड़े थे। उस मैच में बेयरस्टो ने 114 रन और वार्नर ने नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। यह SRH की ओर से सलामी जोड़ी की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।