IPL: सफल रन चेज में श्रेयस अय्यर का दबदबा, जानिए गजब के आंकड़े
क्या है खबर?
पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शानदार फॉर्म में हैं। 16 अप्रैल को इस भारतीय बल्लेबाज ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच जिताऊ 66 रन की पारी खेली। रन चेज में एक और दमदार प्रदर्शन करने वाले श्रेयस का इस सीजन स्ट्राइक रेट 187.96 का है। साल 2024 से सफल IPL रन चेज में उनका औसत बेहतरीन (124.2) रहा है।
पारी
MI के खिलाफ खेली शानदार पारी
MI के खिलाफ मैच में 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रेयस तब क्रीज पर आए जब PBKS ने 5 ओवर में 45/2 का स्कोर बना लिया था। उनके साथ प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर थे। दोनों ने मिलकर रन गति बनाए रखी। प्रभसिमरन ने आक्रामक खेल खेला, जबकि श्रेयस ने संभलकर पारी को आगे बढ़ाया। श्रेयस ने 14वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया और 35 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों जड़कर 66 रन बनाए।
आंकड़े
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैं शानदार आंकड़े
श्रेयस हाल के समय में लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पिछले 3 स्कोर 66, 69* और 50 रहे हैं। क्रीकबज के मुताबिक, 2024 से अब तक 190 या उससे ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हुए मैचों में 14 पारियों में 621 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 124.2 और स्ट्राइक रेट 173.5 रहा है, जिसमें 7 अर्धशतक शामिल हैं।
आंकड़े
ऐसा रहा है करियर
2024 से IPL में रन चेज के दौरान श्रेयस ने 16 पारियों में 632 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 90.28 और स्ट्राइक रेट 173.15 रहा है। इन 16 में से 14 मैचों में उनकी टीम को जीत मिली है। श्रेयस ने 138 IPL मैचों में 35.12 की औसत से 3,934 रन बनाए हैं। 2015 में डेब्यू करने के बाद से वह 3 फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं और सभी को फाइनल तक पहुंचाया है।