LOADING...
IPL: बेन डकेट पर क्यों लग सकता है 2 साल का प्रतिबंध?
IPL 2026 से पीछे हटे डकेट (तस्वीर: एक्स/@TrentBridge)

IPL: बेन डकेट पर क्यों लग सकता है 2 साल का प्रतिबंध?

Mar 25, 2026
11:58 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसके लिए सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में व्यस्त हैं। इस बीच इंग्लैंड के बेन डकेट ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट वापस ले लिया। डकेट ने स्पष्ट किया कि वह एशेज सीरीज में अपने निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टेस्ट प्रारूप में फॉर्म में वापसी करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने 2026 के संस्करण से हटने का फैसला किया।

बयान 

डकेट ने टूर्नामेंट से हटने को कठिन फैसला बताया

डकेट ने टेलीग्राफ से कहा, "यह एक बहुत मुश्किल फैसला था, और मैं दिल्ली में सभी से माफी मांगना चाहता हूं कि मैं वहां नहीं आ पाऊंगा। जब मैंने खुद को ऑक्शन में शामिल किया, तो मुझे लगा था कि यह एक बहुत बड़ा मौका होगा, और दिल्ली जैसी फ्रेंचाइजी का मुझे चुनना बहुत शानदार था। यह दुनिया का सबसे बेहतरीन टूर्नामेंट है, जिसमें दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी खेलते हैं, और यह एक बहुत ही शानदार अनुभव होता।"

प्रतिबंध 

क्यों लग सकता है डकेट पर प्रतिबंध?

डकेट का IPL 2026 से आखिरी समय पर नाम वापस लेना, टूर्नामेंट से 2 या 3 साल के प्रतिबंध का कारण बन सकता है। नए नियमों के अनुसार, कोई भी खिलाड़ी जो नीलामी के लिए नाम दर्ज कराता है और चुने जाने के बाद अपना नाम वापस ले लेता है, उसे 2 सीजन के लिए प्रतिबंधित किया जाता है। इंग्लैंड के उनके साथी खिलाड़ी हैरी ब्रूक पर भी IPL में इसी तरह का प्रतिबंध लगा हुआ है।

Advertisement

IPL 

2 करोड़ रुपये में DC से जुड़े थे डकेट 

DC ने नीलामी में डकेट को उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह अब तक IPL में डेब्यू नहीं कर सके हैं। डकेट ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में कुल 217 मैच खेले हैं, जिसकी 210 पारियों में 30.32 की औसत और 140.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,397 रन बनाए है। उन्होंने 34 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 96 रन का रहा है।

Advertisement

आंकड़े 

खराब फॉर्म में चल रहे हैं डकेट 

पिछले साल भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में रन बनाने के बाद से, डकेट की फॉर्म में गिरावट आई है। क्रिकइंफो के अनुसार, डकेट ने सभी प्रारूप (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) की अपनी पिछली 28 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक बनाया है। ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज को 4-1 से जीता था। उस अहम सीरीज में डकेट ने 10 पारियों में सिर्फ 202 रन बनाए थे। वह टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे थे।

Advertisement