IPL: जसप्रीत बुमराह ने इन मैचों में अपनी गेंदबाजी में 50+ रन खर्च किए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कई दिग्गज गेंदबाज महंगे साबित हुए हैं। मुंबई इंडियंस (MI) के जसप्रीत बुमराह भी इस सीजन में ज्यादातर मैचों में विकेट नहीं ले सके हैं। इसके साथ-साथ बुमराह का इकॉनमी रेट भी खराब रहा है। वह अपने शुरुआती 8 मैचों में सिर्फ 2 विकेट ले सके हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच में उन्होंने 54 रन लुटाए। इस बीच उन मैचों के बारे में जानते हैं, जिनमें बुमराह ने 50+ रन दिए हैं।
#1
MI बनाम CSK (1/56, IPL 2021)
IPL 2021 के 26वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने MI के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 218/4 का स्कोर बनाया था। इस मैच में बुमराह ने अपने 4 ओवर में 56 रन देते हुए एक विकेट लिया था। इस मैच में CSK की ओर से अंबाती रायडू ने सर्वाधिक 72 रन बनाए थे। जवाब में MI ने मैच की आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।
#2
MI बनाम DC (1/55, IPL 2015)
IPL 2015 के 21वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने MI को 37 रन से हराया था। उस मैच में DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 190 रन बनाए थे। MI की ओर से बुमराह ने अपने 4 ओवर में 55 रन देते हुए एक सफलता हासिल की थी। जवाब में MI की टीम लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही थी। MI ने पूरे ओवर खेलने के बाद 153/9 का स्कोर बनाया था।
#3
MI बनाम SRH (54, IPL 2026)
IPL 2026 के 41वें मैच में MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 243/5 का स्कोर बनाया, जिसमें रयान रिकेल्टन का शतक (122*) शामिल रहा। जवाब में SRH ने 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल किया। MI के प्रमुख गेंदबाज बुमराह ने निराश किया। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में बुमराह बेरंग नजर आए। उन्होंने अपने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 54 रन खर्च किए।
#4
MI बनाम RCB (52, IPL 2015)
IPL 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में बुमराह कोई विकेट नहीं ले सके थे। अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में इस तेज गेंदबाज ने अपने 4 ओवर में 13 की इकॉनमी रेट के साथ 52 रन दिए थे। उस मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235/1 का पहाड़ सा स्कोर बनाया था। जवाब में MI की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 196/7 का स्कोर ही बना सकी थी।