IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेकर इन खिलाड़ियों ने दिलाया टीम को खिताब
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास में खिताब जीतने वाली टीमों के लिए गेंदबाजों का प्रदर्शन हमेशा निर्णायक रहा है। कई सीजन ऐसे गेंदबाज सामने आए हैं जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया और टीम की जीत की नींव रखी। पावरप्ले से लेकर डेथ ओवरों तक विकेट निकालने की क्षमता ने उन्हें खास बना दिया। ऐसे में आइए उन गेंदबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेकर खिताब दिलाया।
#1
भुवनेश्वर कुमार (28 विकेट)
IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चैंपियन बनाने के पीछे भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने पूरे सीजन 16 मुकाबले खेले और 28 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपनी टीम के लिए लगातार अहम सफलताएं दिलाईं। उनकी औसत 17.89 और इकॉनमी रेट 7.95 की रही, जबकि एक बार इस स्टार खिलाड़ी ने 4 विकेट हॉल भी लिया। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/23 का रहा। उनसे ज्यादा 29 विकेट सिर्फ कगिसो रबाडा ने लिए।
#2
जसप्रीत बुमराह (27 विकेट)
दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस (MI) के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं। उन्होंने IPL 2020 में 15 मुकाबले खेले थे और इसकी 15 पारियों में 14.96 की शानदार औसत के साथ 27 विकेट लिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 6.73 की रही थी। इस खिलाड़ी ने 2 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/14 का रहा था। फाइनल मुकाबले में MI ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
#3
ट्रेंट बोल्ट (25 विकेट)
MI के ट्रेंट बोल्ट सूची में तीसरे स्थान पर हैं। IPL 2020 में इस खिलाड़ी ने बुमराह का अच्छा साथ निभाया था और 25 विकेट चटकाए थे। 15 मैचों की 15 पारियों में 18.28 की औसत से बोल्ट ने ये विकेट लिए थे। उन्होंने एक बार 4 विकेट हॉल भी लिया था। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/18 का रहा था। बोल्ट ने 3 मेडन ओवर भी डाले थे। रबाडा उस सीजन भी सबसे ज्यादा विकेट (30) लेने वाले गेंदबाज थे।
#4
इन खिलाड़ियों ने चटकाए हैं 24-24 विकेट
सुनील नरेन, मिचेल जॉनसन, हरभजन सिंह और लसिथ मलिंगा इस सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। इन गेंदबाजों ने 24-24 विकेट लिए थे। 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की जीत में नरेन ने ये योगदान दिया था। जॉनसन और हरभजन ने MI के लिए 2013 में ये कारनामा किया था। वहीं, मलिंगा ने IPL 2015 में MI के लिए 24 विकेट लिए थे। इन सभी खिलाड़ियों की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।