IPL के इतिहास में इन खिलाड़ियों ने ली है सबसे ज्यादा बार हैट्रिक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में जहां बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिलता है, वहीं गेंदबाज भी अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख पलट देते हैं। हैट्रिक लेना किसी भी गेंदबाज के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है और IPL जैसे बड़े मंच पर यह और भी खास बन जाती है। कुछ गेंदबाज ऐसे रहे हैं, जिन्होंने एक से अधिक बार यह कारनामा किया है। आइए उन खिलाड़ियों पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
अमित मिश्रा (3 हैट्रिक)
इस सूची में पहले स्थान पर अमित मिश्रा हैं। वह IPL इतिहास में सर्वाधिक 3 हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं। उनकी पहली हैट्रिक 2008 के पहले संस्करण में डेक्कन चार्जर्स (5/17) के खिलाफ आई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी दूसरी हैट्रिक 2011 में पंजाब किंग्स (तब की किंग्स इलेवेन पंजाब) के खिलाफ ली थी। उस मैच में उन्होंने 9 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। उन्होंने तीसरी बार 2013 में पुणे वारियर्स के विरुद्ध (4/19) हैट्रिक ली थी।
#2
युवराज सिंह (2 हैट्रिक)
युवराज सिंह IPL में 2 हैट्रिक ले चुके हैं और उन्होंने दोनों हैट्रिक एक ही संस्करण (2009) में ली थी। PBKS की ओर से खेलते हुए युवराज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ पहली हैट्रिक ली थी। उन्होंने रॉबिन उथप्पा, जैक्स कैलिस और मार्क बाउचर को लगातार गेंदों पर आउट किया था। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच में हैट्रिक ली थी। वह एक सीजन में एक से ज्यादा हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं।
#3
युजवेंद्र चहल (2 हैट्रिक)
IPL 2025 में CSK के खिलाफ मैच में युजवेंद्र चहल ने अपने शुरुआती 2 ओवर में कोई भी विकेट हासिल नहीं किया था। उन्होंने CSK की पारी का 19वां और अपने तीसरे ओवर में कमाल कर दिखाया। इस लेग स्पिनर ने दीपक हूडा, अंशुल कम्बोज और नूर अहमद के विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की। उन्होंने अपने 3 ओवर में 32 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए थे। इससे पहले चहल ने 2022 में KKR के खिलाफ हैट्रिक ली थी।
हैट्रिक
अब तक 23 बार गेंदबाजों ने ली है हैट्रिक
अब तक 23 बार गेंदबाजों ने IPL में हैट्रिक ली है। इस टूर्नामेंट में पहली बार ये कारनामा लक्ष्मीपति बालाजी ने किया था। उन्होंने IPL के पहले संस्करण में CSK के लिए खेलते हुए PBKS के खिलाफ हैट्रिक ली थी। मखाया एंटिनी हैट्रिक लेने वाले पहले विदेशी गेंदबाज बने थे। उन्होंने CSK के लिए ही खेलते हुए KKR के खिलाफ पहले संस्करण में हैट्रिक लिया था। अमित हैट्रिक लेने वाले पहले स्पिन गेंदबाज थे।