IPL इतिहास के 5 सबसे यादगार मुकाबले, जिन्हें देख थम गई थीं सांसें
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का इतिहास रोमांच से भरा रहा है, जहां हर सीजन में कुछ ऐसे मुकाबले देखने को मिले हैं, जिन्होंने फैंस की सांसें थाम दीं। आखिरी गेंद तक चले इन मैचों में कभी चमत्कारी बल्लेबाजी दिखी तो कभी गेंदबाजों ने बाजी पलट दी। इन मुकाबलों ने सिर्फ नतीजे नहीं बदले, बल्कि फैंस के दिलों में हमेशा के लिए अपनी जगह बना ली। ऐसे में उन मुकाबलों पर नजर डालते हैं, जिन्हें भूल पाना आसान नहीं है।
#1
आदित्य तारे ने छक्का लगाकर मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचाया
IPL 2014 का 56वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया था। RR ने 189/4 का स्कोर बनाया और MI को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए नेट-रन-रेट के कारण ये लक्ष्य 14.3 ओवर में हासिल करना था। MI के कोरी एंडरसन ने 95* रन की पारी खेली। मैच में असली रोमांच तब आया, जब क्वालिफाई करने के लिए 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाना जरुरी था और आदित्य तारे ने ये कर दिखाया।
#2
मुंबई इंडियंस ने 1 रन से जीता फाइनल मुकाबला
IPL 2017 का फाइनल MI और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के बीच खेला गया था। MI ने सिर्फ 129/8 का स्कोर बनाया, जिससे लगा पुणे आसानी से जीत लेगी। हालांकि, मैच ने रोमांचक मोड़ लिया और पुणे 20 ओवर में 128/6 का स्कोर ही बना सकी। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 4 रन चाहिए थे, लेकिन तीसरा रन लेने के प्रयास में डेनियल क्रिश्चियन रन आउट हो गए और MI ने एक रन से फाइनल अपने नाम कर लिया।
#3
लसिथ मलिंगा ने आखिरी गेंद पर बना दिया MI को चैंपियन
IPL 2019 का फाइनल MI और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया था। MI ने 149/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK आखिरी ओवर तक मुकाबले में बनी रही, लेकिन 20 ओवर में 148/7 का स्कोर ही बना सकी। आखिरी गेंद पर जीत के लिए CSK को 2 रन चाहिए थे, तभी लसिथ मलिंगा ने शानदार स्लोअर यॉर्कर डाली और शार्दुल ठाकुर LBW आउट हो गए। MI ने 1 रन से मैच और खिताब दोनों जीत लिए।
#4
जब राजस्थान और कोलकाता के बीच हुआ सुपर ओवर का ड्रामा
IPL 2014 में RR और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला गया मुकाबला शायद ही कोई भूल पाए। ये उस सीजन का 19वां मुकाबला था। पहले बल्लेबाजी करते हुए RR ने 152/5 का स्कोर बनाया। जवाब में KKR भी 152/8 ही बना सकी और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर भी टाई रहा, जहां दोनों टीमों ने 11-11 रन बनाए। आखिरकार ज्यादा बाउंड्री के आधार पर RR ने यह रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया था।
#5
पंजाब ने हासिल कर लिया 262 रन का लक्ष्य
IPL 2024 के 42वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने KKR के खिलाफ ऐसा मैच जीता, जो टूर्नामेंट के इतिहास में अमर हो गया। KKR ने फिलिप सॉल्ट (75) और सुनील नरेन (71) की पारियों के दम पर 261/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि, PBKS ने हार नहीं मानी। जॉनी बेयरस्टो (108*) की अगुवाई में शशांक सिंह (68) और प्रभसिमरन सिंह (54) ने तूफानी जवाब दिया और 18.4 ओवर में IPL का सबसे बड़ा रन चेज पूरा कर दिया।