IPL: पंजाब किंग्स में जा सकते हैं हार्दिक पांड्या, बदले में MI को मिलेगा ये गेंदबाज
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी करते हुए नजर आए थे। उनके इस टीम का साथ छोड़ने को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच खबर है कि पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए पंजाब किंग्स (PBKS) में जा सकते हैं। वह ट्रेड के जरिए PBKS के साथ जुड़ सकते हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
अर्शदीप के बदले PBKS में जा सकते हैं पांड्या
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, PBKS ट्रेड के जरिए पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने के समझौते के करीब पहुंच गई है।
रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली फ्रेंचाइजी की MI के साथ बातचीत काफी आगे बढ़ गई है।
इस ट्रेड के जरिए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद के MI में जाने की संभावना है।
अगर ऐसा होता है तो अर्शदीप पहली बार PBKS के अलावा किसी दूसरी टीम से खेलते दिखेंगे।
रिपोर्ट
कम से कम 3 अन्य फ्रेंचाइजी के साथ पांड्या के ट्रेड की हुई थी बातचीत
खबर के अनुसार, MI ने कम से कम 3 अन्य फ्रेंचाइजी के साथ पांड्या को ट्रेड करने की संभावना तलाशी थी।
PBKS के अलावा, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ही एकमात्र ऐसी टीम थी, जिसके साथ मुंबई इंडियंस (MI) की बातचीत काफी आगे बढ़ गई थी।
इसमें इस ऑलराउंडर को शामिल करते हुए कई खिलाड़ियों के लेन-देन पर विचार किया जा रहा था। हालांकि, बात किसी परिणाम तक नहीं पहुंच सकी थी।
अर्शदीप
'राइट टू मैच' कार्ड से PBKS ने अर्शदीप को रखा था बरकरार
2025 की बड़ी नीलामी से पहले PBKS ने अर्शदीप को रिलीज कर दिया था, लेकिन 'राइट टू मैच' कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें वापस टीम में शामिल कर लिया था।
नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपनी बोली 15.75 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 18 करोड़ रुपये कर दी थी, जिसके बाद PBKS ने भी उसी कीमत की पेशकश करके इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपनी टीम में बनाए रखा था।
पांड्या
पांड्या की कप्तानी में MI ने किया था निराश
IPL 2024 से पहले पांड्या गुजरात टाइटंस (GT) से पूरी तरह नकद सौदे के जरिए MI में लौट आए थे।
इससे पहले वह GT के साथ 2 सफल सीजन बिता चुके थे, और 2022 में उनकी कप्तानी में टीम ने खिताब भी जीता था। हालांकि, इसके बाद MI के कप्तान के तौर पर उनके 3 सीजन में उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
IPL 2026 में MI की टीम 9वें स्थान पर रही थी।