LOADING...
IPL: लगातार 2 सीजन अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहीं इन कप्तानों की टीमें 
अय्यर की कप्तानी में PBKS ने हासिल किया शीर्ष स्थान (तस्वीर: एक्स/@ShreyasIyer15)

IPL: लगातार 2 सीजन अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहीं इन कप्तानों की टीमें 

May 29, 2025
04:35 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में लीग स्टेज की समाप्ति के बाद पंजाब किंग्स (PBKS) ने शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम दूसरे पायदान पर रही। इनके अलावा गुजरात टाइटंस (GT) की टीम तीसरे और मुंबई इंडियंस (MI) की टीम चौथे स्थान पर रही। इस बीच IPL इतिहास में उन कप्तानों के बारे में जानते हैं, जिनके नेतृत्व में लगातार 2 सीजन में टीमों ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

#1 

रोहित शर्मा (2019 और 2020)

रोहित शर्मा IPL के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनके नेतृत्व में MI ने 5 खिताब पर कब्जा जमाया था। रोहित की कप्तानी में MI की टीम ने 2019 और 2020 के सीजन में अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। 2019 में MI ने अपने 14 में से 9 मैच जीते और 5 में हार झेली थी। वहीं, 2020 में भी MI ने 9 ही मुकाबले अपने नाम किए थे।

जानकारी

दोनों बार MI बनी विजेता 

MI ने इन दोनों बार खिताब पर कब्जा जमाया था। इसके साथ ही MI लगातार 2 खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बनी थी। इससे पहले CSK (2010 और 2011 में विजेता) ऐसा कर चुकी थी।

#2 

हार्दिक पांड्या (2022 और 2023)

हार्दिक पांड्या ने 2022 और 2023 में GT की कप्तानी की थी। 2022 में उनके नेतृत्व में GT ने लीग स्टेज में 14 में से 10 मैच जीते थे। उस सीजन के फाइनल में भी GT ने जीत दर्ज की थी। इसके अगले सीजन में GT ने लीग स्टेज में अपने 10 मुकाबले जीतते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया था। हालांकि, फाइनल में उन्हें CSK के खिलाफ हार मिली थी।

#3 

श्रेयस अय्यर (2024 और 2025)

श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में प्रभावित किया है। उनके नेतृत्व वाली टीमें 2024 और 2025 में अंक तालिका में शीर्ष पर रहीं। 2024 में अय्यर की कप्तानी में KKR ने लीग स्टेज में 14 में से 9 मैच जीते और 3 मैच हारे (बेनतीजा-2) थे। वहीं, फाइनल में KKR ने SRH को शिकस्त दी थी। IPL 2025 में अय्यर के नेतृत्व वाली PBKS ने 9 मैच जीते और 4 में शिकस्त झेली। इस बीच उनका 1 मैच बेनतीजा रहा।