Page Loader
IPL 2025 नीलामी: श्रेयस अय्यर लीग इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने, मिली इतनी धनराशि
श्रेयस अय्यर का IPL करियर शानदार रहा है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 नीलामी: श्रेयस अय्यर लीग इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने, मिली इतनी धनराशि

संपादन Manoj Panchal
Nov 24, 2024
04:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की नीलामी में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स (PBKS) ने खरीदा है। वह IPL के इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं। अय्यर से ज्यादा पैसे सिर्फ ऋषभ पंत को मिले, जिसे लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 27 करोड़ रुपये में खरीदकर इतिहास रच दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को अपनी कप्तानी में इस खिलाड़ी ने IPL 2024 का विजेता भी बनाया था।

करियर

ऐसा रहा है अय्यर का IPL करियर

अय्यर ने अपना पहला IPL मैच साल 2015 में खेला था। उन्होंने अब तक 115 मुकाबले खेले हैं और 32.24 की औसत से 3,127 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 127.48 की रही है। उनके बल्ले से 21 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन रहा है। IPL 2024 में इस खिलाड़ी ने 14 मैच में 39 की औसत से 351 रन बनाए थे। IPL 2025 में बेहतर प्रदर्शन कर यह खिलाड़ी भारतीय टीम में वापसी करने को देखेगा।

टीम

इन खिलाड़ियों को पंजाब ने किया था रिटेन 

नीलामी से पहले PBKS ने शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह के रूप में सिर्फ 2 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। PBKS की फ्रेंचाइजी ने अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, सैम कर्रन, जितेश शर्मा, कगिसो रबाडा, जॉनी बेयरस्टो और लियाम लिविंगस्टोन जैसे बड़े खिलाड़ियों को रिलीज करके चौंका दिया था। हालांकि, अब वह अर्शदीप को टीम में वापस ले आए हैं। बता दें कि PBKS ने शशांक को 5.5 करोड़ रुपये और प्रभसिमरन को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

दिल्ली

दिल्ली की कप्तानी भी कर चुके हैं अय्यर

अय्यर एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक से अधिक टीमों को IPL के फाइनल में पहुंचाया है। पिछले IPL में KKR को खिताब जिताने से पहले अय्यर दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम का हिस्सा थे। 2020 में अय्यर के नेतृत्व में DC अपने पहले IPL फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, टीम को मुंबई इंडियंस (MI) के हाथों फाइनल हार मिली थी। दिल्ली 156 रन के स्कोर का बचाव करने में विफल रही थी।