IPL 2027: RR और LSG के बीच बड़ी ट्रेड डील पर बातचीत, ये खिलाड़ी चर्चा में
क्या है खबर?
राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच कई खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बातचीत जारी है। इस संभावित सौदे में मोहम्मद शमी और सैम कर्रन के नाम शामिल हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी कई खिलाड़ियों को लेकर चर्चा कर रही हैं। संबंधित खिलाड़ियों से भी बातचीत की जा चुकी है, लेकिन कागजी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। LSG के स्पिनर मणिमारन सिद्धार्थ भी RR की टीम से जुड़ सकते हैं।
टीम
शमी और कर्रन ने ट्रेड के जरिए बदली थी अपनी टीमें
सिद्धार्थ को LSG ने 75 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने 9 मुकाबले खेले हैं और 9 विकेट लिए हैं।
वहीं, शमी और कर्रन पिछले सीजन से पहले भी ट्रेड के जरिए टीम बदली थी। कर्रन चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से RR पहुंचे थे। इस सौदे में रविंद्र जडेजा भी RR आए थे, जबकि संजू सैमसन CSK से जुड़े थे।
हालांकि, चोट के कारण कर्रन पिछले सीजन IPL में नहीं खेले थे। शमी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से LSG में आए थे।
पैसे
इस कारण LSG में आ सकते हैं कर्रन
CSK ने कर्रन को 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था और बाद में इसी कीमत पर RR को ट्रेड कर दिया था।
अब प्रस्तावित ट्रेड के तहत कर्रन नई फीस की मांग कर रहे हैं। इसे बातचीत में देरी की एक वजह माना जा रहा है।
LSG के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी के साथ भी उनके करीबी संबंध हैं। कर्रन मूडी के साथ ओवल इन्विंसिबल्स और डेजर्ट वाइपर्स में खेल चुके हैं।
सलामी बल्लेबाज
यशस्वी जायसवाल पर नहीं बनी बात
दोनों फ्रेंचाइजी के बीच यशस्वी जायसवाल को लेकर संभावित ट्रेड पर भी चर्चा हुई है।
हालांकि, क्रिकबज के मुताबिक अब तक इस पर कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है। RR ने एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज को ट्रेड में शामिल करने की मांग की थी, लेकिन LSG ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
हालांकि, यशस्वी को ट्रेड करने का फैसला लेने पर RR के पास दूसरे विकल्प भी हैं। कई फ्रेंचाइजी ने उनमें दिलचस्पी दिखाई है।