IPL 2027 नीलामी के लिए गोवा बना नया आयोजन स्थल, BCCI ने की पुष्टि
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की नीलामी के लिए गोवा को आयोजन स्थल के रूप में तय किया है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार, 23 सितंबर को क्रिकबज से इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि नीलामी दिसंबर के मध्य में आयोजित होगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। सैकिया के मुताबिक, नीलामी 14 से 16 दिसंबर के बीच किसी दिन आयोजित की जा सकती है।
दिन
गोवा में होगी नीलामी
IPL 2027 की नीलामी छोटी होने की उम्मीद है, इसलिए इसे एक दिन में ही पूरा किया जाएगा।
पिछले 3 सालों में IPL नीलामी का आयोजन दुबई, जेद्दा और अबू धाबी में हुआ था।
इस बार BCCI ने आयोजन स्थल को लेकर बदलाव किया है। IPL गवर्निंग काउंसिल ने अधिकांश फ्रेंचाइजी की मांग को ध्यान में रखते हुए नीलामी भारत में कराने का फैसला किया गया।
इसी के तहत गोवा को इस साल की नीलामी के लिए चुना गया है।
विदेश
अगले साल विदेश में हो सकती है नीलामी
अगले साल मेगा नीलामी होनी है। ऐसे में इसका आयोजन फिर विदेश में हो सकता है।
BCCI की पहली प्राथमिकता ऐसे 5 सितारा होटल की तलाश करना था, जहां 10 IPL फ्रेंचाइजी के बड़े प्रतिनिधिमंडल के 100 से ज्यादा सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था हो सके।
माना जा रहा है कि बोर्ड को गोवा में ऐसा उपयुक्त होटल मिल गया है। इसी वजह से इस बार नीलामी के लिए गोवा को चुना गया है।
गोवा
गोवा में साल 2009 में हुई थी नीलामी
गोवा में इससे पहले 2009 में IPL के दूसरे संस्करण की नीलामी आयोजित हुई थी।
यह नीलामी 2 इंग्लैंड खिलाड़ियों केविन पीटरसन और एंड्रयू फ्लिंटॉफ पर लगी रिकॉर्ड बोली के लिए याद की जाती है।
दोनों खिलाड़ियों को 7.55 करोड़ रुपये की कीमत मिली थी। उस समय यह IPL इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पीटरसन को खरीदा था, जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने फ्लिंटॉफ को अपनी टीम में शामिल किया था।
महिला
विमेंस प्रीमियर लीग की नीलामी इस बार कोच्चि में होगी
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के लिए होने वाली नीलामी इस बार कोच्चि में 28 अक्टूबर को होगी।
वहीं, साल 2027 में ये टूर्नामेंट 14 जनवरी से शुरू होगा और इसका फाइनल 7 फरवरी को खेला जाएगा।
WPL के 5वें सीजन की नीलामी ग्रैंड हयात कोच्चि में होने वाली है। बोर्ड ने आधिकारिक घोषणा से पहले बुधवार (16 सितंबर) को पांचों टीमों को आधिकारिक तौर पर यह जानकारी दे दी थी।