IPL 2026: क्या बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं होगा फाइनल मुकाबला?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले के आयोजन स्थलों की घोषणा नहीं की है। हालांकि, विधायकों के टिकटों को लेकर चल रहे राजनीतिक मुद्दों के कारण बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में फाइनल की मेजबानी की संभावना कम होती जा रही है। BCCI सूत्र ने ANI से कहा कि इन जटिलताओं के कारण फाइनल के आयोजन के लिए अन्य शहरों पर विचार करना पड़ सकता है।
खतरा
बेंगलुरु से स्थानांतरित किया जा सकता है IPL 2026 का फाइनल
BCCI सूत्र ने कहा, "IPL 2026 प्लेऑफ और फाइनल के आयोजन स्थल की घोषणा जल्द ही की जाएगी। मैच पंजाब और कर्नाटक में विभाजित होने की संभावना है।" सूत्र ने बताया कि मौजूदा चैंपियन को फाइनल की मेजबानी करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बेंगलुरु में विधायक टिकट का मुद्दा समस्या पैदा कर रहा है। अगर कोई समाधान नहीं निकलता है, तो BCCI फाइनल को किसी अन्य शहर में स्थानांतरित कर सकता है।
परेशानी
कांग्रेस विधायक ने की हर विधायक के लिए 5 टिकटों की मांग
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच IPL 2026 के उद्घाटन मैच से पहले कांग्रेस विधायक विजयानंद काशप्पानवर ने प्रत्येक विधायक के लिए 5 टिकटों की मांग की थी। उन्होंने तर्क दिया कि निर्वाचित प्रतिनिधि VIP हैं और उन्हें कतार में इंतजार नहीं करना चाहिए। इसके जवाब में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मौजूदा IPL में RCB के मैचों के लिए विधायकों और सांसदों को 3-3 टिकट देने की घोषणा कर दी।
पृष्ठभूमि
RCB से जुड़े पिछले विवाद
RCB मौजूदा चैंपियन है, जिसने IPL 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराया था। पिछले सीजन में RCB की जीत के बाद यह स्टेडियम एक साल तक विवादों में घिरा रहा। खिताब समारोह के दौरान भगदड़ में 11 लोगों की मौत होने से इस मैदान पर आयोजन पर प्रतिबंध लग गया था। हालांकि, इस साल की शुरुआत में गृह मंत्री जी परमेश्वर ने IPL 2026 के मैचों की मेजबानी की मंजूरी दे दी थी।