IPL 2026: पैट कमिंस कब करेंगे SRH की टीम में वापसी? अहम खबर आई सामने
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज पैट कमिंस के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम से जल्द ही जुड़ने की उम्मीद है। खबरों के मुताबिक, कमिंस 17 अप्रैल तक SRH के दल में जुड़ सकते हैं। वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में मौजूद हैं और उनका बुधवार (15 अप्रैल) को अपने देश में ही फिटनेस टेस्ट होना है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
फिटनेस टेस्ट पास करके हैदराबाद लौट सकते हैं कमिंस
क्रिकबज के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस अगर फिटनेस टेस्ट में पास होते हैं, तो वह 17 अप्रैल को हैदराबाद लौट जाएंगे। बता दें कि SRH को अगला मैच शुक्रवार (18 अप्रैल) को अपने घरेलू मैदान पर खेलना है। SRH फिलहाल कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन की कप्तानी में खेल रही है। IPL 2026 में SRH ने अब तक 2 मैच जीते हैं और 3 में शिकस्त झेली है।
पूर्व बयान
दूसरे हाफ में वापसी की उम्मीद जता चुके हैं कमिंस
IPL 2026 की शुरुआत से पहले कमिंस ने दूसरे हाफ में खेलने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने अपनी वापसी को लेकर कहा था, "मैंने फिर से गेंदबाजी शुरू कर दी है। फिलहाल मैं हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं। हमने एक ऐसी योजना बनाई है जिससे टूर्नामेंट के बीच तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा। इसलिए उम्मीद है कि अगर कुछ भी गड़बड़ नहीं हुई, तो मैं टूर्नामेंट का दूसरा हाफ और फाइनल खेलूंगा।"