IPL 2026: विराट कोहली ने SRH के खिलाफ जड़ा छठा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (69*) खेली। यह उनके IPL करियर का 64वां और SRH के खिलाफ छठा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों पर पूर किया। उनकी पारी की बदौलत ही RCB की टीम मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही कोहली की पारी और साझेदारी?
RCB को 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (61) के साथ आक्रामक बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 101 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार (31) के साथ 53 और टिम डेविड (16*) के साथ 40 रन की साझेदारी निभाई। कोहली 38 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के जड़कर नाबाद रहे।
करियर
कैसा रहा है कोहली का IPL करियर?
कोहली ने साल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 268 मैचों की 260 पारियों में 39.77 की औसत और 132.95 की स्ट्राइक रेट के साथ 8,711 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 64 अर्धशतकों के अलावा 8 शतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 113 रन रहा है। वह इस सीजन में IPL इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं।